मुठभेड़ में पुलिस और बदमाशों में चली गोली-दो लुटेरे घायल- तमंचे एवं..

मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे मिशन सफाया के अंतर्गत जनपद की थाना चरथावल पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और मिशन शक्ति टीम की देर रात बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोलियों की चपेट में आकर दो लुटेरे घायल हो गए हैं, जिनकी पहचान पड़ोसी जनपद सहारनपुर के रहने वालों के रूप में की गई है, घायल हुए बदमाश अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद की थाना चरथावल पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और मिशन शक्ति की टीम मंगलवार की देर रात चेकिंग अभियान चला रही थी।
रोहाना मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही पुलिस ने सामने से आ रही संदिग्ध बाइकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल रोकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चलाने लगे।

बदमाशों की गोलियों की चपेट में आने से बाल बाल बची पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जब आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाई तो उनकी चपेट में आकर दो बदमाश घायल हो गए। पैर में गोली लगने की वजह से लहू लुहान होकर जमीन पर गिरे दोनों बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस को उनके पास से दो बाइक, दो तमंचे, छह जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस के अलावा थाना चरथावल क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से लूटे गए जेवरात भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हुए दोनों बदमाशों की पहचान सहारनपुर जनपद के नानौता थाना क्षेत्र के रहने वाले 28 वर्षीय अंकुर और 25 वर्षीय लाखन के रूप में हुई है, पुलिस ने घायल हुए दोनों लुटेरों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।