फ्लाईओवर के पास मुठभेड़-पुलिस की गोली से दो गो तस्कर घायल
शामली। पुलिस के साथ फ्लाईओवर के पास हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात गोतस्कर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए हैं। लहू लुहान हुए दोनों गो तस्करों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
जनपद शामली में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिंभालका के फ्लाईओवर के पास पुलिस की गो तस्करों के साथ उस समय मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस चेकिंग अभियान चलाते हुए आती जाती गाड़ियों के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को पता चला कि गौवंश कटान के मामले में फरार चल रहे कुख्यात गोतस्कर बाइक पर सवार होकर आने वाले हैं। मुखबिर से मिली इस सूचना के बाद पुलिस ने और अधिक गंभीरता के साथ चेकिंग अभियान चलाना शुरु कर दिया।
इसी दौरान बाइक पर आते हुए दिखाई दिए दो संदिग्ध को पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बाइक सवार दोनों युवक अपनी गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चलाते हुए वहां से भागने लगे। मामला संदिग्ध जानकर पुलिस ने पीछा कर बाइक पर भागते बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस से बचकर भागने की हड़बड़ाहट में बाइक फिसलने की वजह से दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिसके चलते वह पुलिस पर गोलियां चलाते हुए जंगल में भागने लगे।
पुलिस ने दोनों को सरेंडर की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने गोलियां चलाना बंद नहीं किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जब सूक्ष्म फायरिंग की तो पुलिस की गोली लगने से दोनों गो तस्कर घायल हो गए, जिनकी पहचान शरीफ एवं साहिल के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में एडमिट कराया है।
घटना मुठभेड़ की बाबत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया है कि शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में एक थ्री व्हीलर से प्रतिबंधित पशु गोवंश के मांस के साथ राजेंद्र नामक युवक को गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया है कि राजेंद्र से हुई पूछताछ में पता चला था कि यह गोमांस शरीफ, इंतजार, मुस्तकीम और साहिल का है। राजेंद्र ने पुलिस को यह भी बताया था कि वह अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर आवारा पशुओं का कटान कर उनके मांस को अलग-अलग स्थान पर बेचता है।
इसी मामले में वांछित चल रहे शरीफ और साहिल को आज मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।


