DG जेल ने कारागार का निरीक्षण कर परखी वहां की व्यवस्थाएं

लखनऊ। महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी सी मीना द्वारा जिला कारागार, बाराबंकी का निरीक्षण किया गया। महानिदेशक पी सी मीना का स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर उपस्थित कर्मियों से उनका परिचय लिया। साथ ही कारागार में चल रहे 'वन जेल वन प्रोडक्ट' के अंतर्गत बंदियों द्वारा बनाए जा रहे जेल उत्पादों की सराहना की। उन्होंने महिला बैरक का भ्रमण किया एवं महिला बंदियों से उनकी समस्याएं जानी। तत्पश्चात सर्किल के विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जेल अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए।

महानिदेशक पी सी मीना ने पाकशाला का निरीक्षण कर बंदियों के लिए तैयार भोजन का स्वयं स्वाद परीक्षण किया एवं भोजन की गुणवत्ता को संतोषजनक पाया। इसके अतिरिक्त उन्होंने नियंत्रण कक्ष एवं हाई सिक्योरिटी बैरक का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के अंत में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देते हुए परिसर में पौधारोपण भी किया गया। महानिदेशक पी सी मीना ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सुधार हेतु सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।


इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक कारागार शैलेंद्र मैत्रेय, जेल अधीक्षक कुंदन कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।