दुर्घटना रोकने के लिए बनाए गए स्पीड ब्रेकर कर रहे एक्सीडेंट का इंतजाम

दुर्घटना रोकने के लिए बनाए गए स्पीड ब्रेकर कर रहे एक्सीडेंट का इंतजाम

मुजफ्फरनगर। जिला मुख्यालय से लेकर कस्बाई इलाकों तक चल रही यातायात सुधार कार्य योजना के अंतर्गत पुलिस और प्रशासन की ओर से मिलकर भीड़भाड़ वाली सड़कों पर धड़ाधड़ स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। इन स्पीड ब्रेकर से वाहनों की रफ्तार तो कम हो गई है लेकिन दुर्घटना रोकने के लिए बनाए गए स्पीड ब्रेकर रंग रोगन नही होने की वजह से खुद अब एक्सीडेंट का कारण बन रहे हैं।

दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनपद की पुलिस और प्रशासन यातायात की व्यवस्था में सुधार के लिए चौतरफा प्रयास कर रही है। जिला मुख्यालय पर अनेक स्थानों पर अस्थाई डिवाइडर बनाते हुए कई स्थानों पर चौराहों को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। शहर के मेरठ रोड एवं रुड़की रोड सहित कई अन्य भीडभाड वाली सड़कों पर वाहनों की रफ्तार को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर बनवाए गए हैं। इसी तरह खतौली में भी प्रशासन की ओर से पुराने जीटी रोड पर हाईवे के भैंसी कट से लेकर गांव टबीटटा मोड़ तक जानसठ तिराहा, बुढाना तिराहा आदि अनेक स्थानों पर जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनवाए गए हैं।

स्पीड ब्रेकर बनवाने के पीछे पुलिस और प्रशासन की मंशा यह है कि वाहन चालक स्पीड से चलने के बजाय मोड व चौराहे आदि पर अपने वाहन की स्पीड को कम करके चले। जिससे कि होने वाली दुर्घटना को टाला जा सके। लेकिन अब यही स्पीड ब्रेकर एक्सीडेंट का कारण बन रहे हैं।

वह इसलिए कि जिला मुख्यालय से लेकर कस्बाई इलाकों तक बनाए गए स्पीड ब्रेकर के ऊपर कही भी रंग-रोगन नहीं कराया गया है। जबकि नियमानुसार स्पीड ब्रेकर पर सफेद और पीला कलर होना चाहिए ताकि वाहन चालक को दूर से से ही पता चल जाए कि आगे स्पीड ब्रेकर है। जिसके चलते वह अपने वाहन की रफ्तार को कम कर सावधानी के साथ स्पीड ब्रेकर के ऊपर से उतर सके।

आम तौर पर देखा जा रहा है कि जिलेभर के स्पीड ब्रेकर पर पीला और सफेद रंग नहीं होने की वजह से यह स्पीड ब्रेकर वाहन चलाने वाले को दूर से दिखाई नहीं देते हैं। नजदीक आने पर जैसे ही स्पीड ब्रेकर दिखाई देता है तो चालक तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन की स्पीड को कम कर देता है। जिसका परिणाम यह होता है कि पीछे आ रहा वाहन अगले वाहन के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से टकरा जाता है। इस तरह रंग रोगन नही होने से स्पीड ब्रेकर पर किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

epmty
epmty
Top