एक ही परिवार के 3 लोगों सहित कई की मौत- एक घायल

एक ही परिवार के 3 लोगों सहित कई की मौत- एक घायल

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय निवासी परिवार के तीन सदस्यों सहित चार लोगों की कल महाराष्ट्र के अहमद नगर मनमाड़ महामार्ग पर एक सड़क हादसें में मृत्यु होने की घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दु:ख व्यक्त किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अहमदनगर क्षेत्र के राहुरी तहसील के अंतर्गत अहमद नगर मनमाड़ महामार्ग पर गुहा फाटे के समीप महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस तथा एक कार में आमने सामने हुई भिड़त में खरगोन जिला मुख्यालय के सौमित्र नगर निवासी विपुल तारे की मां रंजना तारे (64), पत्नी प्रतीक्षा (31), पुत्र लुनय (7 माह) और कार चालक जगदीश राठौड़ (40) की मृत्यु हो गई थी तथा विपुल तारे भी मामूली रूप से घायल हुए। हादसे के समय तारे परिवार शिर्डी स्थित मंदिर के दर्शन के उपरांत पुणे जा रहा था। आज खरगोन जिला मुख्यालय पर विपुल तारे ने अपनी मां ,पत्नी तथा पुत्र के शवों को मुखाग्नि दी।

विपुल तारे तथा उनकी पत्नी प्रतीक्षा पुणे स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे और वहां नौकरी ज्वाइन करने जा रहे थे। हादसे के बाद महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस दुखद हादसे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि

सड़क दुर्घटना में खरगोन के एक ही परिवार के 4 अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति दें।

epmty
epmty
Top