दो व्यापारियों से दस लाख से ज्यादा की धोखाधडी- प्रकरण दर्ज

दो व्यापारियों से दस लाख से ज्यादा की धोखाधडी- प्रकरण दर्ज
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

दो व्यापारियों से दस लाख से ज्यादा की धोखाधडी- प्रकरण दर्ज

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम की कृषि उपज मण्डी में लहसुन प्याज का व्यवसाय करने वाले दो व्यापारियों से दस लाख से ज्यादा का माल खरीद कर उन्हे गलत चैक देकर धोखा देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर आज दो आरोपियों के विरुद्ध धोखाधडी का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी अरिहन्त परिसर निवासी मोहम्मद अजहर खान, फरहान ट्रेडर्स के नाम से प्याज लहसुन का थोक व्यवसाय करते है। इसी प्रकार शैरानीपुरा निवासी इमदाद अली, अली ट्रेडर्स के नाम से व्यवसाय करता है। उक्त दोनों व्यापारियों से उदयपुर निवासी सुन्दरलाल नागदा ने करिया (सैलाना) निवासी पुष्करलाल पाटीदार के माध्यम से सम्पर्क किया और पुष्करलाल पाटीदार की गारंटी पर सुन्दरलाल नागदा को दस लाख 69 हजार रुपए मूल्य के प्याज और लहसुन बेचे। दोनों व्यापारियों ने 16 नवंबर 2021 से 25 दिसम्बर 2022 के बीच उदयपुर में न्यू महादेव आलू भण्डार के नाम से व्यवसाय करने वाले सुन्दरलाल नागदा को लहसुन प्याज के कई ट्रक भेजे।

सुन्दरलाल नागदा ने लहसुन और प्याज के इन ट्रकों के भुगतान के लिए अलग अलग राशि के कई चैक फरियादी मोहम्मद अजहर खान और इमदाद अली को दिए। इसी प्रकार पुष्करलाल पाटीदार ने भी दोनो व्यापारियों को अलग अलग राशि के कई चैक राशि के बदले दिए। दोनो आरोपियों ने मोहम्मद अजहर खान को 6 लाख 46 हजार 692 रुपए के चैक दिए जबकि इमदाद अली को 4 लाख 22 हजार 336 रुपए के चैक दिए गए।

जब दोनो व्यापारियों ने इन चैकों को भुगतान के लिए बैैंक में प्रस्तुत किया, तो बैैंक ने सारे चैक यह कहकर लौटा दिए कि सुन्दरलाल नागदा के नाम से बैैंक में कोई खाता नहीं है। व्यापारियों को पता चला कि बैैंक खाता सुन्दरलाल की पत्नी के नाम पर था और पत्नी के बैैंक खाते के चैक पर सुन्दरलाल ने अपने हस्ताक्षर किए थे। दोनों ही व्यापारियों को सुन्दरलाल ने गलत चैक देकर उनके साथ धोखाधडी की और इस धोखाधडी में करिया (सैलाना) निवासी पुष्करलाल पाटीदार भी शामिल था।

पुलिस थाना स्टेशन रोड पर दोनो आरोपियों उदयपुर (राजस्थान) निवासी सुन्दरलाल नागदा और करिया निवासी पुष्करलाल पाटीदार के विरुद्ध धोखाधडी का आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।

वार्ता

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
epmty
epmty
Top