भाई की घिनौनी करतूत- रेप के बाद गर्भवती हुई किशोरी को जिंदा जलाया

भाई की घिनौनी करतूत- रेप के बाद गर्भवती हुई किशोरी को जिंदा जलाया

मैनपुरी। सामाजिक रिश्तो को तार-तार करते हुए ताऊ के लड़के ने अपनी चचेरी बहन को हवस का शिकार बना लिया। किशोरी जब 3 महीने की गर्भवती हो गई तो मामले का पता चलते ही उसके ऊपर पेट्रोल डालकर किशोरी को जिंदा जला दिया गया। पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

जनपद के थाना कुरावली पुलिस को पीड़ित महिला द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि उसकी जेठानी के लड़के ने 3 महीने पहले उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। बीते दिनों जब किशोरी के गर्भवती होने का आरोपी युवक और उसके परिजनों को पता चला तो उन्होंने 6 सितंबर को किशोरी के ऊपर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। जिससे किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई है। गंभीर हालत में किशोरी को इलाज के लिए मैनपुरी स्थित जिला अस्पताल में ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर किशोरी को इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

रविवार को पीडिता किशोरी और उसकी मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला यानी पीड़िता की ताई को हिरासत में लेते हुए अन्य के खिलाफ धारा 307 तथा 376 पास्को एक्ट मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हिरासत में ली गई पीड़िता की ताई से पुलिस अब पूछताछ करने में जुटी हुई है। इस मामले में दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश करते हुए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

epmty
epmty
Top