एयर इंडिया का विमान-फिर हलक में अटकी जान-कराई इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली। मुंबई के लिए उड़ान भरकर जा रहे एयर इंडिया के विमान में सवार पैसेंजरों की जान एक बार फिर से हलक में अटक गई, बीच आसमान में उड़ते समय आई खराबी की वजह से विमान को वापस एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा है। गनीमत इस बात की रही है कि विमान की एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई और यात्री भी पूरी तरह से सुरक्षित रहे।
सोमवार को राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर इंडिया के विमान ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। सबेरे तकरीबन 6:40 पर मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान में उड़ान के कुछ देर बाद ही पायलट को खराबी आने का पता चला। बताया जा रहा है कि बीच आसमान विमान का दाहिना इंजन बंद हो गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी का ऐलान कर दिया गया और प्रोटोकॉल के अंतर्गत अपनायें जाने वाले सभी इंतजाम किए गए। इसके बाद मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले विमान की वापस सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। तब कहीं जाकर फ्लाइट में सवार पैसेंजरों की जान शरीर में वापस लौट सकी।


