स्टार प्लस ला रहा है नया शो ‘माना के हम यार नहीं’

मुंबई, स्टार प्लस अपने दर्शकों के लिए नया शो ‘माना के हम यार नहीं’ के साथ एक नई और ताज़ा कहानी लेकर आ रहा है।
इस शो में मंजीत मक्कड़, कृष्णा का रोल निभा रहे हैं, दिव्या पाटिल शो में खुशी का रोल निभाते नजर आने वाली हैं। शो में दोनों की ज़िंदगियाँ एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, लेकिन किस्मत उन्हें मिलवा देती है। जहाँ खुशी मज़बूत और जिम्मेदार लड़की है, वहीं कृष्णा अपनापन और सादगी से भरे हुए हैं। दोनों मिलकर एक ऐसी कहानी बनाते हैं, जिसमें ढेर सारी भावनाएँ, मोड़ और नए रिश्ते देखने को मिलेंगे।
हाल ही में आए प्रोमो में हमें खुशी और कृष्णा की दुनिया की झलक देखने मिलती है। खुशी एक ऐसी लड़की है जो अपने बीमार पिता का सहारा बनने के लिए कपड़े प्रेस करके गुज़ारा करती है। अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए वो एक बड़ा और अनोखा फैसला करते हुए कॉन्ट्रैक्ट ब्राइड (कॉन्ट्रैक्ट वाली दुल्हन) बनने के लिए इंटरव्यू देती है।वहीं दूसरी तरफ, कृष्णा को ऐसे इंसान के रूप में दिखाया गया है जो आसानी से हर किरदार में ढल जाता है, चाहे डॉक्टर हो, पुलिस वाला या अब दूल्हे की भूमिका। उनकी पहली मुलाकात कोर्टरूम में होती है, जिसे एक वकील ने तय किया है, जहां दोनों एक कॉन्ट्रैक्ट मैरिज की शर्तों से बंध जाते हैं। खुशी के लिए यह कदम प्यार नहीं बल्कि जीने का सहारा है, जबकि कृष्णा का मस्तमौला अंदाज और चार्म इस रिश्ते में एक नया रंग भर देती हैं।
शो माना के हम यार नहीं का प्रीमियर सात अक्टूबर को शाम सात बजे सिर्फ स्टार प्लस पर होगा।