योगी सरकार बनाएगी एक और जिला जिसका नाम होगा 'कल्याण सिंह नगर'

योगी सरकार बनाएगी एक और जिला जिसका नाम होगा कल्याण सिंह नगर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिलों के पुनर्गठन को लेकर एक बड़ी पहल की तैयारी चल रही है। राज्य में एक नए जिले ‘कल्याण सिंह नगर’ के गठन की कवायद शुरू हो गई है। यह जिला पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृति में बनाया जा सकता है। प्रस्तावित योजना के तहत अलीगढ़ जिले के अतरौली और गंगीरी तहसील क्षेत्र तथा बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र को मिलाकर नया जिला बनाया जा सकता है।

इस संबंध में एटा के पूर्व सांसद और कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि अतरौली क्षेत्र कल्याण सिंह जी की कर्मभूमि रही है और लोगों की लंबे समय से यह मांग रही है कि उनके नाम पर एक नया जिला बनाया जाए।

राजवीर सिंह ने अपने पत्र में लिखा कि नया जिला बनने से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और लोगों को जिला मुख्यालय तक की दूरी तय करने में राहत मिलेगी। इसके साथ ही यह क्षेत्र विकास के नए अवसरों से भी जुड़ सकेगा।

सूत्रों के अनुसार, सरकार ने इस प्रस्ताव पर प्रारंभिक स्तर पर विचार शुरू कर दिया है। अगर सब कुछ तय समय पर हुआ तो अगले चरण में राजस्व और प्रशासनिक सीमांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह जिला अलीगढ़-बुलंदशहर की सीमाओं के बीच एक नया प्रशासनिक केंद्र बन सकता है, जिससे दोनों जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

Next Story
epmty
epmty
Top