ठाकरे ने मुंबई में जलभराव के लिए महाराष्ट्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार

ठाकरे ने मुंबई में जलभराव के लिए महाराष्ट्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार

मुंबई, मुंबई में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति को देखते हुए शिवसेना (ठाकरे गुट) ने बुधवार को राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और उसकी तैयारियों एवं जवाबदेही पर सवाल उठाया।

पार्टी ने पूछा कि क्या मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सिर्फ़ रेड अलर्ट जारी कर देने से सरकार की ज़िम्मेदारी ख़त्म हो जाती है? ठाकरे समूह ने सवाल किया, ‘’बारिश स्वाभाविक है और लोग सावधानी भी बरतते हैं लेकिन अगर इस मानसून में मुंबई दो बार डूब जाए तो इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है?’’

पार्टी ने कहा, ‘’भारी बारिश के दौरान सुचारू सड़क यातायात और निर्बाध लोकल ट्रेन सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए क्या उपाय किए गए? जब सभी सड़कें जाम थी तब राज्य सरकार और नगर निगम का आपदा प्रबंधन विभाग क्या कर रहा था?’’

ठाकरे गुट ने राजनीतिक नेतृत्व पर उंगली उठाते हुए कहा कि मुंबई में तीन संरक्षक मंत्री हैं फिर भी जब शहर डूब रहा था तब कोई दिखाई नहीं दिया।

पार्टी ने कहा, ‘’ये मंत्री कबूतर वाले विवाद में तो जल्दी कूद गए लेकिन इस संकट के दौरान उन्होंने क्या किया? वह उपमुख्यमंत्री कहां थे जो शिंदे सरकार के मंत्रियों के घोटालों को छिपाने के लिए बार-बार दिल्ली जाते थे? क्या मुख्यमंत्री केवल आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के लोगों से अपील करके जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं?’’

Next Story
epmty
epmty
Top