प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान- बोले दोनों देशों की..

नई दिल्ली। साइप्रस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। साइप्रस के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है।
सोमवार को साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस से सम्मानित किया है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति का इस सम्मान के लिए मैं साइप्रस सरकार और यहां के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहा कि यह केवल नरेंद्र मोदी का ही नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है, यह उनकी क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुदेव कुटुंबकम की विचारधारा का सम्मान है। मैं इसे भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हमारे साझा मूल्य और आपसी समझ को समर्पित करता हूं।
उन्होंने कहा है कि मैं सभी भारतवासियों की ओर से इस सम्मान को बड़ी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और भारत के लोगों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।