महिला से दुष्कर्म- SSP का एक्शन- CO का हमराह लाइन हाजिर

मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विपिन ताडा की ओर से महिला से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर की गई कार्रवाई के अंतर्गत क्षेत्राधिकारी के हमराह सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्टर विपिन ताडा ने जनपद के दौराला सीओ के हमराह सिपाही विवेक चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। लाइन हाजिर किए गए सिपाही विवेक पर महिला ने शादी का झांसा देकर अपने साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले एसएसपी दफ्तर अपनी शिकायत लेकर पहुंची महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सिपाही विवेक के खिलाफ शिकायत दी थी। महिला ने अपने साथ दुष्कर्म के कुछ सबूत भी इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिखाए थे।
महिला ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाला सिपाही अब शादी से इनकार कर रहा है। पीछा छुड़ाने के लिए सिपाही ने अपना तबादला कंकर खेड़ा थाने से करा लिया और सीओ दौराला का हमराह बन गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर किए गए सिपाही के मामले की जांच को ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना को सौंपी है, क्योंकि जब यह घटना हुई थी तो सिपाही विवेक कुमार ब्रह्मपुरी थाने में तैनात था।