200 युवाओं से ठगी करने वाले दो जालसाज गिरफ्तार

200 युवाओं से ठगी करने वाले दो जालसाज गिरफ्तार

नैनीताल। उत्तराखंड की उधमसिंह नगर सेना में अग्निवीर भर्ती के नाम पर झांसा देकर 200 युवाओं के ठगने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तमंचा व अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है।

ऊधमसिंह नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नानकमत्ता के प्रतापपुर निवासी तपस मंडल की ओर से इस मामले में नामजद तहरीर सौंपी गयी। वादी की ओर से विक्की मंडल वार्ड नंबर 01, देवनगर, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज व पंकज सिंह निवासी ग्राम मछियाड़, थाना रीठा साहिब जिला चंपावत को आरोपित किया गया।

आरोप लगाया गया कि आरोपी पैसा वापस मांगने के नाम पर पीड़ितों से मारपीट व जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस ने धारा 323, 420, 504, 50 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की धरपकड़ के लिये चार टीमों का गठन किया। जांच में सामने आये तथ्यों के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को उधमसिंह नगर के जगदीशपुर दिनेशपुर से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी विक्की मंडल से पुलिस ने एक तमंचा भी बरामद किया है। इसके अलावा उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सेना का परिचय पत्र, कई लोगों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड व कैंटीन कार्ड के अलावा अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस को जांच में 200 युवाओं को ठगने की जानकारी मिली है।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि दोनों जालसाज लंबे समय से इस धंधे में लगे थे और लाकडाउन के दौरान उनका धंधा बंद हो गया था। अग्निवीर भर्ती शुरू होने के बाद उन्होंने जालसाजी का धंधा शुरू कर दिया। आरोपियों ने 50 से अधिक उन युवाओं को भी अपना शिकार बना लिया जो अपनी मेहनत के बल पर अग्निवीर भर्ती में सफल हुए हैं। पुलिस ने विक्की मंडल के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी अभियोग पंजीकृत कर लिया है। उधमसिंह नगर के एसएसपी ने आरोपियों को जल्द पकड़ने और पूरे मामले का खुलासा करने के लिये जांच टीम को 5000 रुपये का पुरस्कार दिया है।

वार्ता

epmty
epmty
Top