आपदाओं को देखते हुए जारी रहेगी हेली सेवा: धामी

आपदाओं को देखते हुए जारी रहेगी हेली सेवा: धामी

नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत पिथौरागढ़ जिले में लगातार आ रही भीषण प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर पीड़ितों की मदद के लिये हेली सेवा की अवधि को एक महीने और बढ़ाने का फैसला किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को आपदाग्रस्त क्षेत्र के दौरे के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम और हालात सामान्य नहीं हो जाते तब तक एक हेलीकाप्टर कुमाऊं की जनता की सेवा के लिये तैनात रहेगा।

उन्होंने आज सुबह आपदाग्रस्त जुम्मा गांव का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने ऐलागाड़ स्थित एसएसबी के शिविर में जामुनी और सिरोउडियार के आपदा पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रति व्यक्ति चार लाख रूपये की धनराशि भी उपलब्ध करायी। उन्होंने कहा कि एक लाख रूपये की धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष से भी जल्द उपलब्ध करायी जायेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे धारचूला में भी लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आपदाग्रस्त बरम के गोगोई में हो रहे भूस्खलन को रोकेने के लिये भी सुरक्षा दीवार बनाने पर सहमति व्यक्त की और धारचूला में काली नदी के तटबंध के लिये भी जल्द ही 42 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी देने की बात कही।

इस दौरान उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि दुख की घड़ी में सरकार आपदा पीड़ितों और लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने इस मौके पर कहा कि सरकार हालातों पर नजर बनाये हुए है। सरकार जल्द से जल्द हालात और परिस्थितियों को सामान्य बनाने में जुटी है। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न तथा दवाइयों की कमी न हो और जल्द से जल्द सड़क तथा सम्पर्क मार्गों में सुधार हो, इसे सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होेंने आगे कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में आपदा के चलते जान-माल का नुकसान पहुंचा है। सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। सड़कों को खोलने के लिये युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आने वाले चार महीनों में प्रदेश में शत प्रतिशत टीकाकरण कर देगी। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय सासंद अजय टमटा भी मौजूद रहे।


वार्ता

epmty
epmty
Top