सहारनपुर को स्वच्छता में दिलायेंगे देश में नं. 1 रैकिंगः मेयर

सहारनपुर को स्वच्छता में दिलायेंगे देश में नं. 1 रैकिंगः मेयर

सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड के तीन वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें तीन वर्षों में हुई प्रगति व आगामी दो वर्षों में किये जाने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा पेश की गई। मेयर संजीव वालिया ने कहा कि अथक प्रयास के बाद नगर निगम को स्वच्छता में 392 से 49वीं रैकिंग पर लाया जा चुका है। अब पूरा प्रयास किया जायेगा कि सहारनपुर को स्वच्छता में पहला नम्बर प्राप्त हो।

जानकारी के अनुसार नगर निगर सहारनपुर बोर्ड के तीन वर्ष पूर्ण होने पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद मेयर संजीव वालिया ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य तीन वर्षों में प्राप्त की गई उपलब्धियों को बताने व आने वाले दो वर्षों में क्या-क्या किये जाने का प्रस्ताव हैं, उसे बताना है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के मामले में सहारनपुर निगम को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में निगम की 392 रैंक थी, जिसमें जबरदस्त रूप से सुधार किया गया और यह वर्ष 2020 में 49वें स्थान पर पहुंच गई। अब पूर्ण रूप से अगले दो सालों में प्रयास किया जायेगा कि निगम की रैकिंग देश में नं. 1 हो जाये। उन्होंने बताया कि नवादा रोड स्थित कान्हा उपवन गौशाला का निर्माण कराया गया है, जिसमें 150 से अधिक वृद्ध एवं बीमार गायों का पालन पोषण और उपचार हो रहा है। महानगर में लगभग 35000 एलईडी लाईटें लगवाई गई हैं। शेष लाईटों के लगने का सिलसिला जारी है। ग्राम मानकमऊ में नगर निगम की भूमि पर बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया हे।


यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस चौकी को हटवाकर सड़क का चैड़ीकरण किया गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के 141 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया है। प्रधानमंत्री निधि योजना के तहत 6100 वैंडरों को ऋण दिलाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक 1500 सड़कों और 81 नालों का निर्माण पूरा कराया जा चुका है। इसके अलावा 85 नालों का टैंडर स्वीकृत हो चुका है। जल निकासी को वृहद रूप दिया गया है। कहां कूड़ा पड़ा है, कहां सड़क टूटी हुई है, उनको कैमरे पर देख सकें, ऐसी व्यवस्था को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की जिन जमीनों को कब्जामुक्त कराया गया है, उन पर पार्कों व धर्मशालाओं का निर्माण कराया जायेगा। इस दौरान नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के अलावा पार्षद व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

epmty
epmty
Top