UPSC- 97 अभ्यर्थियों को मिला SDM का नियुक्ति पत्र- प्रक्रिया को बताया निष्पक्ष

UPSC- 97 अभ्यर्थियों को मिला SDM का नियुक्ति पत्र- प्रक्रिया को बताया निष्पक्ष

लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग में चयनित हुए अभ्यर्थियों को आज कार्यक्रम का आयोजन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र दिये। सभी अभ्यर्थियों ने यूपी लोकसेवा आयोग की प्रक्रिया को निष्पक्ष करार दिया और कहा कि इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रशासन को जाता है। एसडीएम बने अफसरों ने कहा कि वे पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेंगे और उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने का पूर्ण प्रयास करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो अफसर बने हैं, उनका एक ही लक्ष्य होना चाहिए और वह लक्ष्य है-एक ही कामना है, दुख से पीड़ित मानवता की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करता हूं।



समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 97 अधिकारी एक साथ राज्य को मिले हैं, यह बहुत ही हर्ष की बात है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सेवा से जुड़े जो अधिकारीगण है, वह हमारी प्रशासनिक व्यवस्था की नींव है। एक आम आदमी से उनका जुड़ाव होता है। आम जनता अपने छोटे बड़े कामों के लिए इसी अफसर तंत्र के पास जाती है, जिस तंत्र में आपको जाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आयोग का जो लोगो है, उसमें भी यही लिखा है कि- एक ही कामना है, दुख से पीड़ित मानवता की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करता हूं। उन्होंने सभी अफसरों से कहा कि यही आपका लक्ष्य होना चाहिए।


उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा चयनित अनुज नेहरा, संगीता राघव, ज्योति शर्मा, विपिन कुमार, अरूण कुमार, शुभम यादव, रितु प्रिया, प्रयाग माहेश्वरी, जेडी शर्मा, भावना विमल, शिखा, अश्वनी पांडेय समेत सभी चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने एसडीएम बनने पर शुभकामनाएं देते हुए नियुक्ति पत्र दिये। अनुज नेहरा ने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि हमें यहां उपस्थित होने का मौका मिला। मैं हरियाणा की रहने वाली हूं, पर हमेशा से दिमाग में रहता था कि दूसरे राज्य में सेलेक्शन होगा या नहीं। उन्होंने कहा कि मेरा न केवल सेलेक्शन हुआ, वरन प्रथम रैंक आया है, जो कि साबित करता है कि सेलेक्शन प्रोसेस में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। अनुज नेहरा ने कहा कि मैं महिला होने के नाते महिला सशक्तिकरण को अच्छे से समझती हूं। मैं पूरा प्रयास रहेगा कि महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करूंगी। उन्होंने कहा कि जो भी मुझे कार्य दिया जायेगा, उसे मैं पूरी निष्ठा, कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ करूंगी। उत्तर प्रदेश सरकार के सभी विजन को पूर्ण निष्ठा के साथ सम्पन्न करूंगी।

ज्योति शर्मा जो कि अयोध्या में बीडीओ के पद पर आसीन थीं, वे अब एसडीएम बन गई हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उन्हें जो भी कार्य दिया जायेगा, वह उसे पूर्ण निष्ठा के साथ करेगी। उन्होंने कहा कि वे आम जनता से जुड़ी छोटी-बड़ी दिक्कतों को दूर करने के लिए प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के तहत वे कार्य करेंगी।


बिहार निवासी कर्मवीर केशव ने बताया कि उनका यूपी लोक सेवा आयोग में पांचवा स्थान आया है। उन्होंने प्रथम प्रयास में ही यह परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के तीनों चरणों से गुजरते समय उन्होंने यह पूरी तरह से महसूस किया कि इस परीक्षा की प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्य व प्रशासन को जाता है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका सपना था कि वे लोक सेवा आयोग में आकर वंचित व पिछड़े लोगों की सेवा करूं, जो कि आज सच हो रहा है। उन्होंने अपने जीवन को जनसेवा कार्यों के लिए समर्पित किया।

रितु प्रिया ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री को जाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसके लिए वह पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेंगी। कठिन परिश्रम कर पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए पूर्ण रूप से प्रयासरत रहूंगी। उन्होंने कहा कि अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करेंगी।

भावना विमल ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि वे व्यवस्था का अंग बनी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनको क्रियान्वित कराएंगी। लोगों को सरकार से जोड़ने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा के प्रति भी कार्य करेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक लोग शिक्षा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना है, वे उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम बनाने का प्रयास करेंगी।

epmty
epmty
Top