मिट्टी के टीले में दबे दो मासूम भाई

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में दीपावली त्यौहार के चलते घर में चल रही रंगाई पुताई के लिए मिट्टी खोदते समय टीला धसने से उसके नीचे दबकर एक मासूम बच्चे की मृत्यु हो गयी जबकि उसका भाई घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बिल्हौर के बरंडा पुरवा गांव में विनोद कश्यप के घर में दीपावली त्यौहार के मद्देनजर रंगाई पुताई का काम चल रहा है। उसकी बड़ी बेटी वंदना घर की पुताई के लिए अपने छोटे भाइयों अरुण तथा करन के साथ लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस वे पर सड़क किनारे से मिट्टी खोदने के लिए गई हुई थी। इसी दौरान वंदना जब मिट्टी को बाहर निकाल रही थी तो मट्टी का टीला अचानक भरभरा नीचे आ गया। जब तक वंदना कुछ समझ पाती तब तक उसके दोनों भाई बुरी तरीके से मलबे में दब चुके थे। दोनों भाइयों को मिट्टी में दबा देख वंदना जोर-जोर से शोर मचाने लगी।
उन्होंने बताया कि वंदना को शोर मचाते देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी के मलबे में दबे दोनों सगे भाइयों को बाहर निकाला। इसी दौरान मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। दोनों भाईयों को आनन-फानन में उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मासूम करण को मृत घोषित कर दिया। दूसरे भाई अरुण को उपचार के लिए भर्ती किया गया है।