युवाओं का भविष्य खराब कर रहे नशे के दो सौदागर गिरफ्तार- इंजेक्शन बरामद

युवाओं का भविष्य खराब कर रहे नशे के दो सौदागर गिरफ्तार- इंजेक्शन बरामद

सहारनपुर। नशे के खिलाफ अभियान चला रही पुलिस ने अवैध संपत्ति अर्जित करने के लिये युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहे दो युवकों को प्रतिबंधित किए गए नशे के 800 इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने बताया है कि वह उत्तराखंड से इंजेक्शन खरीदकर उन्हे सहारनपुर और हरियाणा के कई जनपदों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने के बाद आज उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।




थाना जनकपुरी पुलिस दाबकी जुनारदार गांव के पास शुक्रवार की देर रात फाटक के समीप चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक रिहान व अर्जुन पैदल घूमते हुए आ रहे थे। युवक चेकिंग कर रही पुलिस को देखकर वापस भागने का प्रयास करने लगे। मामला संदिग्ध जानकर चेकिंग करने में जुटे पुलिस कर्मियों ने भाग दौड़कर दोनों को पकड़ लिया। उनके हाथ में उस समय एक थैला था। पुलिस ने जब थैले की तलाशी ली तो उसके भीतर 600 ब्यूपेरोफिन तथा दो सौ फेनरामाईन के इंजेक्शन बरामद हुए। जनकपुरी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है कि पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपियों ने बताया है कि वह देहरादून, हरिद्वार और रुड़की की अलग-अलग दवाइयों की दुकानों से यह इंजेक्शन लेकर आते हैं। बाद में वह लोग इनकी सहारनपुर के मेडिकल स्टोरों पर आपूर्ति करते हैं। आरोपियों ने बताया है कि वह पिछले कई सालों से इस कारोबार में लगे हुए हैं। हरियाणा के यमुनानगर और पानीपत में भी आरोपी प्रतिबंधित इंजेक्शनों की आपूर्ति करते थे। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि थाना जनकपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशे के इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों को आज न्यायालय के सम्मुख पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।

epmty
epmty
Top