बारिश ने मचाया कोहराम-मकान गिरने से तीन की मौत-दो घायल

बारिश ने मचाया कोहराम-मकान गिरने से तीन की मौत-दो घायल

लखनऊ। मूसलाधार बारिश ने लगातार 36 घंटे से पानी बरसाते हुए जनजीवन को बुरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सराय खानी गांव में कच्चा मकान गिरने से मलबे के नीचे दबकर 3 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें मलबे से निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जहां पर दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बृहस्पतिवार की सवेरे तकरीबन 4.00 बजे मूसलाधार बारिश के चलते कच्चा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। इस दौरान हुई तेज आवाज को सुनकर आसपास के लोग बुरी तरह से सहम गए। भागदौड़ कर आसपास के लोग तुरंत ही नींद से जागकर मौके पर पहुंचे जहां उन्हें कच्चा मकान जमींदोज हुआ पाया।

ग्रामीणों ने तुरंत ही मकान के मलबे को हटाकर उसके नीचे दबे परिवार के लोगों को निकाला और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने जांच पड़ताल करने के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों को चिंताजनक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मलबे में दबकर मरने वालों की पहचान पति, पत्नी और पुत्री के रूप में हुई है। वही भाभी और भांजी भी गंभीर रूप से घायल हुए बताए जा रहे हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। मकान ढहने से भारतलाल जायसवाल, उसकी पत्नी गुलाबो देवी और साक्षी की मौत हो गई है। रेनू देवी और काजल को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की।

epmty
epmty
Top