PHC के गेट पर घंटों तड़पती रही महिला-वहीं पर दिया बच्चे को जन्म

PHC के गेट पर घंटों तड़पती रही महिला-वहीं पर दिया बच्चे को जन्म

फतेहपुर। पूरी तरह से संवेदनहीन हुए स्वास्थ्य कर्मियों की अनदेखी से प्रसव पीड़ित महिला तकरीबन 2 घंटे तक पीएचसी के गेट पर दर्द के मारे तड़पती रही। अंत में गेट पर ही बच्चे को जन्म देने के बाद उसे दर्द से छुटकारा मिल सका। प्रसव उपरांत भी जच्चा और बच्चा को अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने पर परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने संवेदनहीनता पर स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाते हुए जच्चा-बच्चा को भर्ती कराया। अस्पताल में दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।


ललौली थाना क्षेत्र के गांव सिंधाव निवासी अमित कुमार की पत्नी प्रियंका देवी को शुक्रवार की देर रात प्रसव पीड़ा हुई। परिवारजन गांव वालों के साथ प्रियंका देवी को लेकर पीएचसी पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि पीएचसी पर मौजूद एक प्राइवेट नर्स ने सुरक्षित प्रसव कराने के नाम पर उनसे 15 सौ रुपए की मांग की। परिवारजनों के पास रुपए ना होने के अभाव में चिकित्सक ने महिला में खून की कमी होने का हवाला देते हुए अस्पताल में एडमिट करने से इंकार कर दिया। उधर प्रसव पीड़ा से तड़प रही प्रियंका देवी को प्रसव क्रिया के लिए अस्पताल में भर्ती करने हेतु परिजन स्वास्थ्य कर्मियों के सामने गिड़गिड़ाते रहे। लेकिन प्राइवेट नर्स और स्टाफ के अन्य लोगों की संवेदना नहीं जागी। अभी परिवारजन गर्भवती को लेकर कहीं और जाने के लिए वाहन की व्यवस्था कर ही रहे थे कि इसी बीच पीएचसी के गेट पर खुले आसमान के नीचे ही प्रियंका देवी ने बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसव होने के बाद भी परिजन स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ पैर जोड़ते रहे। लेकिन उन्होंने जच्चा और बच्चा को अस्पताल में भर्ती नहीं किया। इससे नाराज हुए परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां के हालातों को देखकर अचंभित रह गई। क्योंकि प्रसूता पेड़ के नीचे अस्त-व्यस्त हालत में पड़ी थी और परिजन नवजात को लिए खड़े हुए थे। पुलिस ने स्वास्थ्य कर्मियों के इस संवेदनहीन रवैया पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें जमकर लताड़ लगाई। पुलिस ने जब सख्त रुख अपनाया तो स्वास्थ्य कर्मियों ने दोनों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया। एसीएमओ डॉ संजय ने बताया है कि गेट पर प्रसव पीड़ा होने का मामला बेहद चिंताजनक है। मामले की जांच कराते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

epmty
epmty
Top