UP में भारत बंद का दिख रहा असर- किसानों ने रोकी ट्रेन

UP में भारत बंद का दिख रहा असर- किसानों ने रोकी ट्रेन

लखनऊ। तीन कृषि कानूनों के विरोध और एमएसपी की गांरटी के मांग कर रहे किसानों ने आज भारत बंद किया है। भारत बंद का उत्तर प्रदेश में असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में किसानों ने जाम लगा दिया है। बताया जा रहा है कि शाम के चार बजे तक किसान भारत बंद रखेंगे। सहारनपुर में भी किसानों ने ट्रेन को रोक लिया है।

गौरतलब है कि केन्द्र सरकार द्वारा लाये गये तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान दिल्ली मे विभिन्न बॉर्डरों पर पिछले दस माह से आंदोलन कर रहे हैं। पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि के किसान सरकार से कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर में इन्हीं मांगों को लेकर महापंचायत की गई थी। इस महापंचायत किसान लीडरों ने 27 सितम्बर भारत बंद करने का निर्णय लिया था। उत्तर प्रदेश में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। जनपद मुजफ्फरनगर में भाकियू के कार्यकर्ताओं ने छपार और रोहाना पर जाम लगाया है। स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर यातायात बंद हो गई है।

सहारनपुर में किसानों ने लखनऊ-चडीगढ एक्सप्रेस को रोक लिया। अम्बाला की ओर से आने वाली अभी तक कोई रेल नहीं आई है। बताया जा रहा है कि अम्बाला से आगे रोपड़ में रेलवे ट्रैक पर किसान बैठें हुए हैं। किसानों ने दिल्ली और मेरठ एक्सप्रेस-वे पर जाम लगाया। इसी कारणवश यूपी गेट से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। पूरे प्रदेश में तमाम शिक्षण संस्थान, दुकानें कार्यालय बंद हैं। किसानों द्वारा किये गये भारत बंद में निजी वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं है। राज्य शिक्षा विभाग ने भारत बंद को देखते हुए सोमवार को होने वाली परीक्षाओं की तारीख में परिवर्तन कर दिया है।



epmty
epmty
Top