प्राकृतिक खेती के लिये विशेष बोर्ड के गठन को मिली मंत्रिपरिषद की मंजूरी

प्राकृतिक खेती के लिये विशेष बोर्ड के गठन को मिली मंत्रिपरिषद की मंजूरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिये राज्य की योगी सरकार ने विशेष बोर्ड का गठन किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में 'प्राकृतिक खेती बोर्ड' के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी।

राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बैठक के बाद यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री इस बोर्ड के पदेन अध्यक्ष होंगे और कृषि मंत्री उपाध्यक्ष होंगे। वित्त, कृषि विपणन, उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन एवं दुग्ध विकास, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, सहकारिता, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग विभाग के मंत्री इस बोर्ड के सदस्य होंगे। इसके साथ ही इन सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव भी इसके सदस्य होंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य में प्राकृतिक खेती करने वाले 2 किसानों को मुख्यमंत्री सदस्य के रूप में इस बोर्ड में नामित कर सकेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वर्ष में दो बार बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक गवर्निंग बॉडी भी बनाई जाएगी। कृषि उत्पादन आयुक्त तथा संबंधित सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव भी इसके सदस्य होंगे। इस गवर्निंग बॉडी में राज्य में प्राकृतिक खेती करने वाले 2 किसानों को कृषि मंत्री सदस्य के रूप में इस बोर्ड में नामित कर सकेंगे।

शाही ने बताया कि प्राकृतिक खेती बोर्ड के कार्यों को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने के लिए उक्त 2 बोर्डों के अतिरिक्त जिला स्तर पर 'जिला राज्य स्तरीय प्राकृतिक खेती बोर्ड' का गठन किया जाएगा। इसके अध्यक्ष जिलाधिकारी तथा सचिव कृषि उपनिदेशक होंगे। संबंधित अन्य विभागों के अधिकारी भी इसके सदस्य होंगे।

epmty
epmty
Top