अराजक तत्वों की घिनौनी करतूत-तोड़ी महात्मा बुद्ध की प्रतिमा-हंगामा प्रदर्शन

अराजक तत्वों की घिनौनी करतूत-तोड़ी महात्मा बुद्ध की प्रतिमा-हंगामा प्रदर्शन

सुल्तानपुर। असामाजिक तत्वों ने घिनौनी हरकत को अंजाम देते हुए महात्मा बुद्ध की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करते हुए तोड़फोड़ कर दी। जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में जुटे बौद्ध अनुयायियों ने जमकर हंगामा प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसी स्थान पर दोबारा से महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर अराजक तत्वों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।

दरअसल सुल्तानपुर जिले के लंभुआ तहसील क्षेत्र में रुदौली गांव में महात्मा बुद्ध की प्रतिमा लगी हुई है। सोमवार को अराजक तत्वों ने लोगों से आंख बचाकर प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ कर दी। सोमवार को हुई इस घटना के बाद मामले की जानकारी मिलते ही महात्मा बुद्ध के अनुयाई मौके पर पहुंच गए और भगवान बुद्ध की टूटी हुई प्रतिमा के हिस्सों को एकत्रित करते हुए पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना प्राप्त होते ही थाना अध्यक्ष सुनील पांडे पुलिस फोर्स को साथ लेकर तत्काल ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी हासिल करते हुए अराजक तत्वों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी हैं। उधर पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन मिश्रा के निर्देश पर अराजक तत्वों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

महात्मा बुद्ध की प्रतिमा को दोबारा से स्थापित करने के लिए कारीगरों की मदद ली जा रही है। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों को घटना पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव ने बताया है कि लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के खुदौली परिजन पट्टी क्षेत्र में स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। अराजक तत्वों ने प्रतिमा के अवशेष खेत में फेंक दिए थे जिसे दोबारा स्थापित कराया जा रहा है। थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे हैं। तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।



epmty
epmty
Top