सपा सुप्रीमो बोले- जनता देगी BJP को उपचुनाव में करारा जवाब

सपा सुप्रीमो बोले- जनता देगी BJP को उपचुनाव में करारा जवाब

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर हो रहे उपचुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।

अखिलेश यादव ने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा कि विधान सभा उपचुनाव में सपा छह सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि बुलन्दशहर की एक सीट पर पार्टी राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी समर्थन दे रही है।जनता सपा सरकार के काम और भाजपा की नाकामी दोनों से भलीभांति परिचित है। अब जनता को भ्रमित करने की उसकी कोई चाल कामयाब नहीं होगी।

उन्हाेंने कहा कि जनता, इन उपचुनावों में अपना जो मत व्यक्त करेगी उसमें 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के भी सम्भावित परिणामों का संकेत मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता का जो रूझान मिला है उसमें सभी सीटों पर सपा और रालोद की जीत सुनिश्चित दिख रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की ओर से विधानसभा उपचुनाव में नौगवां सादात से सैयद जावेद आब्दी, टूण्डला से महाराज सिंह धनगर, घाटमपुर से इन्द्रजीत कोरी, मल्हनी से लकी यादव, देवरिया से ब्रह्माशंकर त्रिपाठी तथा बांगरमऊ से राकेश कुमार पाल प्रत्याशी हैं। अपनी स्वच्छ छवि, जनता के बीच लगातार उपस्थिति और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्षशील रहने से प्रत्याशियों को जनता का प्रबल समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को अभी से अपनी हार का अंदेशा हो चला है इसलिए सत्ता का दुरूपयोग करते हुए वह मतदाताओं को धमकाने और साजिशें करने पर उतारू हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन मतदाताओं को लाल कार्ड जारी कर उन्हें अर्दब में ले रहा है कि वे सत्ता दल के खिलाफ न जाएं। यह लोकतंत्र के विरूद्ध आचरण है। प्रशासनिक मशीनरी का दुरूपयोग कर प्रधानों और कोटेदारों पर दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस के बल पर लोगों को धमकाया जा रहा है। कई मंत्रियों ने विभिन्न क्षेत्रों में डेरा डाल रखा है। इस सम्बंध में चुनाव आयोग को चुनाव प्रभावित करने की सरकारी साजिशों के प्रति तुरन्त संज्ञान लेकर हस्तक्षेप करना चाहिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव में प्रचार के दौरान लोग बिना लागलपेट कह रहे हैं कि वे हवाई वादों के फेर में अब नहीं पड़ेंगे।

epmty
epmty
Top