सात फेरों से किया इंकार-बोली दुल्हन सुंदर नहीं दूल्हा, नहीं करूंगी शादी

सात फेरों से किया इंकार-बोली दुल्हन सुंदर नहीं दूल्हा, नहीं करूंगी शादी
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

कानपुर। दुल्हन ने वरमाला डालने के बाद शादी के सात फेरे लेने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि दूल्हा सुंदर नहीं है। इसलिए उसके साथ शादी नहीं करूंगी। दूल्हे के पिता की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आई। वहां समझौते का प्रयास चला लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।


थाना क्षेत्र के गांव सरपारपुर नगरिया निवासी युवती की बारात जनपद कन्नौज के थाना गुरसहायगंज के गांव रसूलपुर से आई थी। बारातियों के स्वागत के बाद द्वारचार की रसम हंसी खुशी के साथ अदा की गई। इसके बाद बारातियों को आदर के साथ भोजन कराया गया। वरमाला की रस्म खत्म होने के बाद युवती अपने घर चली गई। इसके बाद उसने दूल्हा सुंदर ना होने की बात कहते हुए शादी के सात फेरे लेने से इंकार कर दिया। दुल्हन की ओर से सात फेरे लेने से इंकार कर देने से दूल्हा पक्ष में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे पक्ष के रिश्तेदारों व अन्य लोगों ने युवती के पिता के साथ बातचीत की तो उन्होंने कहा कि वर पक्ष के लोग बेटी के लिए ना तो कपड़े लाए हैं और न ही पर्याप्त जेवर। वह अपनी बेटी की शादी नहीं करेंगे। इसके बाद अधिकांश बाराती रात में ही अपने घर वापस लौट गए। दूल्हे के परिजन व कुछ रिश्तेदार वहीं पर रुके रहे। दोनों पक्षों के बीच खूब कहा सुनी हुई। दूल्हे के पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आ गई। युवती पक्ष की महिलाएं भी ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर थाने पहुंच गई। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर उनके घर भेज दिया। थाने में दूल्हे के पिता ने कहा कि बारात लाने से पहले गोद भराई हुई थी। इस दौरान युवती ने उनके बेटे को देखा था। यदि दूल्हा पसंद नहीं था तो उसी समय शादी से इंकार कर देती। उन्होंने बताया कि कपड़े व जेवर आदि सामान लेकर वह आए हैं। वरमाला के समय ही दुल्हन पक्ष ने विवाद शुरू कर दिया था। इसलिए वह किसको कपड़े व जेवर देते। उधर सीओ राजवीर सिंह गौर ने इस बाबत जानकारी होने से इंकार किया है। जबकि थाना पुलिस के मुताबिक लड़की को थाने बुलाया गया था। उसने शादी से इंकार कर दिया। इस पर दोनों पक्ष अपने अपने घर चले गए।

epmty
epmty
Top