जनता दर्शन में भारी भीड़ देख अफसरों पर उबले सीएम- उठाएं सवाल

जनता दर्शन में भारी भीड़ देख अफसरों पर उबले सीएम- उठाएं सवाल

गोरखपुर। मुख्यमंत्री की ओर से आयोजित किए गए जनता दर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़ को लेकर अब तक का रिकॉर्ड टूट गया है। 1000 से भी अधिक लोग जब अपनी समस्याएं लेकर सीएम के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे तो मुख्यमंत्री का गुस्सा फूटकर बाहर आ गया। उन्होंने कहा कि भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा है कि अधिकारी अपने स्तर से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण तहसील एवं थाना स्तर पर ही कर दिया जाए तो उन्हें इतनी दूर की दौड़-धूप नहीं करनी पड़े।

सोमवार को मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचने वाली फरियादियों की भीड़ का अब तक का रिकॉर्ड टूट गया है। सवेरे से ही विभिन्न जनपदों के लोग गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में पहुंचने लगे थे। सभी लोगों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी समस्या बताने की उत्सुकता नजर आ रही थी। सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस के जवानों को लाइन लगवाकर जनता दर्शन हाल तक उमड़ी भीड़ को पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। पहले हिंदू सेवाश्रम, फिर यात्री निवास में लगी कुर्सियों पर फरियादियों को लेकर पहुंचे लोगों को बैठाया गया। तकरीबन 100 से अधिक लोग बाहर लाइन में ही रह गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सवेरे 7 बजे के करीब जनता दर्शन में पहुंचे। बाहर लाइन देखकर मुख्यमंत्री ने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया कि जगह होने पर सभी तो अंदर बुलाया जाए। मुख्यमंत्री एक एक व्यक्ति तक गए और उनकी समस्याओं को सुना अधिकतर मामले तहसील एवं थाना स्तर के थे। जमीन से जुड़े विवाद, पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने और घरेलू समस्याएं लेकर भी लोग मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे थे।

इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जनता दर्शन में आने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से सवाल-जवाब भी किए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर यदि समस्याओं का निस्तारण कर दिया जाए तो लोगों को इतनी दूर तक आने की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने लोगों को समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।

epmty
epmty
Top