पर्यावरण संरक्षण के लिये लोक निर्माण विभाग निभा रहा है अहम भूमिका:मौर्य

पर्यावरण संरक्षण के लिये लोक निर्माण विभाग निभा रहा है अहम भूमिका:मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन के लिये भी लोक निर्माण विभाग अहम भूमिकाते हुए हर्बल मार्गों के साथ प्लास्टिक मार्गों का भी निर्माण करा रहा है।

मौर्य ने आज यहां लोक निर्माण विभाग स्थित विश्वेश्वरैया हाॅल में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व निर्माण निगम के कोविड व अन्य कारणों से मृतक कार्मिकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर विभाग के मृतक अधिकारियों व कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मृतकों के आश्रितों को नौकरी व अन्य देयों आदि के भुगतान के लिये लोक निर्माण मुख्यालय पर सिंगल विन्डो सिस्टम स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियन्ता (मुख्यालय-2) इसके नोडल अधिकारी होंगे। उन्होंने कहा कि इसी तरह सेतु निगम व निर्माण निगम में भी सिंगल विन्डो सिस्टम डेवलप होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शैक्षिक योग्यता के आधार पर मृतक आश्रितों को नौकरी दिये जाने का प्राविधान किया जायेगा और मृतक आश्रितों के देयों का भुगतान 15 दिन में किये जाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।

मौर्य ने अपने मार्मिक सम्बोधन में कहा कि लोक निर्माण विभाग केवल सड़कें, पुल ही नहीं बना रहा है बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा है। पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन के लिये भी लोक निर्माण विभाग अहम भूमिका निभा रहा है और इसी क्रम में विभाग हर्बल मार्गों के साथ प्लास्टिक मार्गों का भी निर्माण करा रहा है।

उन्होंने कहा कि डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम पथों की पूरे देश में तारीफ हो रही है। राज्य सरकार द्वारा शहीदों और पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम पर भी सड़कों का निर्माण करा रही है। वृक्षारोपण अभियान में भी लोक निर्माण विभाग काफी आगे है। पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों के आश्रितों को विभाग द्वारा 22-22 लाख रुपये की धनराशि सहयोग के रूप में दी गयी है। कोरोना की पहली लहर में श्रमिकों व गरीबों को लाखों की तादाद में विभाग द्वारा लन्च पैकेट व राशन के पैकेट वितरित किये गये, साथ ही कम्यूनिटी किचन सेन्टरों का संचालन विभाग द्वारा किया गया और लाखों लोगों को रोजगार भी दिया गया।

उन्होने कहा कि लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व राजकीय निर्माण निगम के कोविड व नान-कोविड अन्य कारणों से मृतक 711 अधिकारियों, कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये उनके परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और विश्वेश्वरैया सभागार में 25 आश्रितों को प्रत्यक्ष रूप से बुलाकर सांकेतिक रूप में नियुक्ति पत्र वितरीत किये। उन्होंने सभी आश्रितों को विश्वास दिलाया कि लोक निर्माण विभाग उनके साथ खड़ा है और हमेशा उनके दुःख सुख में साथ रहेगा तथा स्थापित किये जा रहे सिंगल विण्डो सिस्टम के माध्यम से सभी औपचारिकताएं जल्दी से जल्दी पूरी कराते हुये सभी मृतक आश्रितों को नौकरी व देयों का भुगतान कराया जायेगा।

वार्ता

epmty
epmty
Top