भैंस ढूंढने में माहिर पुलिस अब ढूंढेंगी कांग्रेस नेता की गायब हुई घोड़ी

भैंस ढूंढने में माहिर पुलिस अब ढूंढेंगी कांग्रेस नेता की गायब हुई घोड़ी

रामपुर। मुर्गी, बकरी, डीएम का कुत्ता और मंत्री की भैंस आदि जानवरों को ढूंढने के बाद खोजबीन में पारंगत हो चुकी पुलिस अब कांग्रेस नेता की गायब हुई घोड़ी को खोजने के लिए भागदौड़ करेगी। रानी नाम की घोडी शुक्रवार की सवेरे गायब हो गई थी, जो काफी स्थानों पर ढूंढने से भी हाथ नहीं लग सकी है। पुलिस से गायब हुई घोडी को ढूंढने की कांग्रेस नेता की ओर से गुहार लगाई है।

दरअसल महानगर के कांग्रेस जिला अध्यक्ष हाजी नाजिश खान ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया है कि रानी नाम की उनकी एक पालतू घोडी जिसकी उम्र तकरीबन 4 बरस है और उसका रंग काला एवं मुंह सफेद है, वह शुक्रवार की सवेरे गायब हो गई है। गायब हुई घोड़ी को तोपखाना गेट हजरतपुर चौराहा जावेद लाला की चक्की के पीछे बांधा गया था। गायब हुई की तलाश के लिये हर संभावित स्थान पर खोजबीन की जा चुकी है। परंतु कही से भी लापता हुई घोडी के संबंध में सुराग हाथ नही लग सका है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाजिश खान ने बताया है कि तकरीबन डेढ़ साल पहले उन्होंने रानी नाम की घोडी को 82 हजार रुपये चुकाकर खरीदा था। घर में आने के बाद घोड़ी उनके परिवार का अहम हिस्सा बन चुकी है। उनके बच्चों और परिवार के अन्य लोगों की भावनाएं गायब हुई घोड़ी के साथ जुड़ी हुई है। गौरतलब है कि रामपुर पुलिस जानवरों को ढूंढने में पूरी तरह से माहिर हो चुकी है। क्योंकि तत्कालीन सपा सरकार के दौरान कैबिनेट मंत्री आजम खान की गायब हुई भैंस को ढूंढने के लिए खुद पुलिस अधीक्षक साधना गोस्वामी पुलिस फोर्स के साथ मैदान में उतर पड़ी थी और उन्होंने भैंस को ढूंढ भी निकाला था। तत्कालीन जिलाधिकारी अमित किशोर के पालतू कुत्ते जर्मन शेफर्ड जोजो को भी पुलिस महज 24 घंटे के अंदर ढूंढकर लाने में सफल रही थी। बकरी और मुर्गी आदि जानवरों को भी खोजने में पुलिस पीछे नहीं रही है।





epmty
epmty
Top