अब लखनऊ में पालतू कुत्ते का युवक पर हमला- बचाने दौड़ी मां भी चोटिल

अब लखनऊ में पालतू कुत्ते का युवक पर हमला- बचाने दौड़ी मां भी चोटिल

लखनऊ। घर परिवार की सुरक्षा के बजाय सिंबल स्टेटस के लिए पाले जा रहे कुत्ते लगातार इंसान के लिए खतरा बन रहे हैं। टहलने के लिए निकले युवक के ऊपर पिटबुल ने जब हमला बोल दिया तो उसे बचाने के लिए दौड़ी मां भी पैर फिसलने से जमीन पर गिर पड़ी और बुरी तरह चोटिल हो गई। इसी बीच कुत्ते ने युवक के हाथ पर काट लिया। तुरंत उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया।

राजधानी लखनऊ के गोमती नगर के विराम खंड-2 निवासी प्रदीप मिश्रा का 20 वर्षीय बेटा प्रांजल मिश्रा खाना खाने के बाद टहलने के लिए अपनी मां के साथ पार्क में निकला था। दो लड़के पार्क के भीतर पहले से ही उस समय अपने कुत्ते को टहला रहे थे। इसी बीच पिटबुल कुत्ते ने एक लड़के के हाथ से रस्सी छुड़ाते हुए युवक के ऊपर हमला बोल दिया। मां ने जब बेटे को कुत्ते के चंगुल में फंसा देखा तो वह उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ी। लेकिन रास्ते में पैर फिसल जाने से वह जमीन पर जा गिरी और चोटिल हो गई।

इसी बीच पिटबुल कुत्ते ने युवक के हाथ पर काट लिया। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच युवक को अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच पिटबुल कुत्ते को टहलाने वाले दोनों लड़के वहां से गायब हो गए।

पीड़ित पक्ष ने गोमतीनगर थाने में तहरीर देकर कुत्ते के मालिक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

Next Story
epmty
epmty
Top