MLA पर महिला को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप- मुकदमा दर्ज

नई दिल्ली। फांसी लगाकर अपनी जान देने वाली महिला को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि उसने महिला के पास से मिले सामान से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें एमएलए से झगड़े की बात लिखी गई है। दरअसल शनिवार की देर रात को मध्य प्रदेश के पूर्व वन मंत्री एवं कांग्रेसी एमएलए उमंग सिंघार की महिला मित्र सोनिया भारद्वाज ने उनके आवास पर फांसी लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी। महिला और उसके बेटे के साथ विधायक द्वारा की गई बातचीत और चैट इतिहास के आधार पर पुलिस ने सोमवार की देर रात एमएलए उमंग सिंघार के विरुद्ध महिला को आत्महत्या करने के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी बनाए गए कांग्रेसी एमएलए उमंग सिंघार पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भी रहे हैं और वह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की टीम के सदस्य माने जाते हैं। भोपाल के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने बताया कि महिला और कांग्रेसी एमएलए की आपस में शादी करने की योजना थी। लेकिन एमएलए के साथ लगातार झगड़ा चलते रहने के कारण महिला सोनिया भारद्वाज ने आत्महत्या करने का फैसला लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश भदौरिया ने बताया कि आत्महत्या करने वाली महिला सोनिया भारद्वाज पिछले 20 दिनों से कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार के बंगले में रह रही थी। इस दौरान विधायक धार जिले के गंधवानी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस एमएलए के शाहपुरा स्थित बंगले में कार्यरत कर्मचारी ने शनिवार को सबसे पहले महिला के शव को देखा था और उसने पुलिस को इस बाबत सूचित किया था। पुलिस ने दावा किया है कि उसने महिला के पास से मिले सामान से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें महिला ने कांग्रेसी एमएलए से झगड़ा होने की बात का उल्लेख किया है।