विभिन्न दलों के नेता भाजपा का कुनबा बढ़ाने को लगे हैं लाइन में

विभिन्न दलों के नेता भाजपा का कुनबा बढ़ाने को लगे हैं लाइन में

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के कुनबे में और अधिक बढ़ोतरी होने जा रही है। एक दर्जन से भी ज्यादा दूसरे दलों के विधायक, पूर्व मंत्री व अन्य वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होने वालों की कतार में लगे हुए हैं। प्रयागराज एवं सुल्तानपुर के रहने वाले पूर्व मंत्री व दो अन्य नेता भी भाजपा में शामिल होने का मौका तलाश रहे हैं। इसके अलावा पूर्वांचल के जिले से आने वाले पूर्व विधायक भी भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।

रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कुनबे में भारी बढ़ोतरी होने जा रही है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी की ओर से सपा, बसपा व कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेताओं को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराने के लिए पार्टी की ओर से एक योजना तैयार की गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की ओर से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई को इसी महीने की 5 नवंबर को जॉइनिंग कमेटी के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को इस कमेटी का सदस्य बनाया गया है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चेयरमैन बनाए गए डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई लगातार पदभार संभालने के बाद दूसरे दलों के विभिन्न नेताओं को भाजपा में शामिल कराने की भागदौड़ कर रहे हैं।

इसी के चलते दर्जनभर से भी ज्यादा दूसरे दलों के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री व विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। जिनमें प्रयागराज एवं सुल्तानपुर के रहने वाले कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे दो नेता भी शामिल हैं। पूर्वांचल जनपद से आने वाले सपा सरकार में मंत्री रहे पूर्व विधायक भी भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। इसके अलावा आधा दर्जन से भी ज्यादा पूर्व विधायक व दूसरे दलों के अन्य वरिष्ठ नेता भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।





epmty
epmty
Top