जानिए कब तक होगी मक्का एवं बाजरा की खरीद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत कृषकों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मक्का एवं बाजरा की खरीद 15 अक्टूबर, 2022 से शुरू कर दी है। इस सम्बन्ध में जारी क्रय नीति के अनुसार मक्का का समर्थन मूल्य रू0 1962 प्रति कु० और बाजरा का समर्थन मूल्य रू0 2350 प्रति कु0 निर्धारित किया गया है।
मक्का एवं बाजरा की क्रय अवधि 15 अक्टूबर 2022 से 15 दिसम्बर, 2022 तक होगी। मक्का की खरीद जनपद बुलन्दशहर, हापुड़, बदायूँ, अलीगढ़, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती, बलिया, जौनपुर, देवरिया, सोनभद्र एवं ललितपुर में की जायेगी।
बाजरा की खरीद जनपद बुलन्दशहर, बरेली, बदायूँ, सम्भल, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, गाजीपुर, जालौन एवं प्रयागराज में की जायेगी। अन्य जनपदों में आवक के दृष्टिगत खाद्य आयुक्त द्वारा मक्का एवं बाजरा खरीद का निर्णय लिया जा सकेगा।
क्रय केन्द्र प्रातः 9ः00 बजे से सायं 5ः00 तक खुले रखे जायेंगे, किन्तु जिलाधिकारी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार क्रय केन्द्र के खुलने व बन्द होने के समय में आवश्यक परिवर्तन करने हेतु अधिकृत होंगे। कृषकों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार एवं राजपत्रित अवकाशों को छोड़कर शेष कार्य दिवसों में मक्का एवं बाजरा क्रय केन्द्र खुले रहेंगे। जिलाधिकारी रविवार को छोड़कर अन्य अवकाश के दिनों में भी लक्ष्य की पूर्ति के दृष्टिगत क्रय केन्द्र खुलवा सकेंगे।
प्रदेश के लिए मक्का क्रय का कार्यकारी लक्ष्य 01 लाख मी0टन तथा बाजरा क्रय का कार्यकारी लक्ष्य 50 हजार मी0टन प्रस्तावित है।