कायस्थ समाज ने अजय देवगन का फूंका पुतला

कायस्थ समाज ने अजय देवगन का फूंका पुतला

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में फिल्म निर्माता अजय देवगन की आगामी फिल्म में भगवान चित्रगुप्त के अपमानपूर्ण प्रस्तुतीकरण से आक्रोशित कायस्थ समाज के लोगों ने कृष्णानगर चौराहे पर रविवार को देवगन का पुतला फूंका।

इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि देवगन की आने वाली फिल्म 'थैंक गाड' के ट्रेलर और पोस्टर में चित्रगुप्त भगवान को जिस प्रकार से दिखाया गया है वह हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। प्रदर्शनकारियों ने इस अवसर पर जमकर नारेबाजी भी की।

पुतला दहन के पूर्व अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की राजनीतिक शाखा के अध्यक्ष प्रदीप माथुर ने कहा कि हिन्दू राष्ट्र की बात करनेवाली सरकार यदि हिंदू देवी देवताओं का अपमान बर्दाश्त करती है तो इसका तात्पर्य यह है कि यह सरकार छद्म हिन्दू राष्ट्रवाद पर चल रही है।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष एके श्रीवास्तव की उपस्थिति में उन्होंने मांग की कि या तो सरकार इस फिल्म पर प्रतिबंध लगा दे या फिल्म से उस अंश को निकाल दे, जिसमें हिन्दुओं के भगवान चित्रगुप्त का मजाक बनाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 'थैंक गाड' फिल्म में अजय देवगन चित्रगुप्त बने हैं और सामने वाले के कर्मो का हिंसाब ले रहे हैं। उनके अगल बगल में छोटे कपड़ों में लड़कियां खड़ी होकर हिन्दू धर्म का मजाक उड़ा रही हैं। कायस्थ समाज ने इसे हिंदू देवताओं का अपमान बताते हुए सरकार से इस मामले में कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

वार्ता

epmty
epmty
Top