जूही बनी सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना को बनाया उपाध्यक्ष

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संगठन को गतिशील बनाकर पार्टी से महिलाओं समेत समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय महिला सभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर 2 महिलाओं की नियुक्ति की है। पार्टी संविधान के मुताबिक सपा महिला सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित कर उसे अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को दिए गए हैं।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक परिपत्र जारी करते हुए समाजवादी पार्टी की महिला सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर जूही सिंह की नियुक्ति करते हुए महिला सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर मध्यप्रदेश के बालाघाट की वंदना यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नामित किया है। नवनियुक्त महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह को भेजें नियुक्ति पत्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा अपेक्षा की गई है कि वह महिला सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी पार्टी संविधान के मुताबिक गठित करते हुए उसे अनुमोदन हेतु उनके सामने प्रस्तुत करें। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा इसकी प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं सपा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव, महिला सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वंदना यादव एवं समस्त प्रदेशों के समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्षों को भेजी गई है।