जेल मंत्री ने कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ की वार्ता

जेल मंत्री ने कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ की वार्ता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कारागार राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने कारागार मुख्यालय के कमांड सेंटर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के सभी डीआईजी जेल, वरिष्ठ जेल अधीक्षक, जेल अधीक्षक एवं जेलरों के साथ बैठक हेतु पधारे। पुलिस महानिदेशक महानिरीक्षक कारागार आनंद कुमार ने मंत्री धर्मवीर प्रजापति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और अभिनंदन किया।

इस बैठक में डीजी जेल आनंद कुमार के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक कारागार डॉ प्रीतिंदर सिंह, अपर महानिरीक्षक कारागार चित्रलेखा सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार रविशंकर छबि, वरिष्ठ जेल अधीक्षक कारागार मुख्यालय आर के मिश्र, वित्त एवम लेखाधिकारी चंद्रभूषण पांडे, सहायक अभियंता आर के बालियान उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वप्रथम मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जेल के सभी अधिकारियों को इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व कुशल प्रबंधन के साथ हर्षाेल्लास के वातावरण में संपन्न कराने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने स्वयं रक्षाबंधन के दिन लखनऊ जेल जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पाया की लखनऊ जेल में भारी संख्या में बहन-भाई राखी बांधने/बंधवाने आए थे। जेल नियमों के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए इतनी बड़ी संख्या में आए लोगों को जेल में रक्षाबंधन पर्व मनाए जाने का अवसर प्रदान करना निश्चित ही बेहद चुनौती भरा कार्य था, जिसे जेल अधिकारियों ने संपादित किया। इसी प्रकार सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश की जेलों में 72000 से भी अधिक लोग रक्षाबंधन का पर्व मनाने जेलों में आये किन्तु कहीं से भी किसी असंतोष अथवा अव्यवस्था की सूचना नहीं आई। यह जेलों में रक्षाबंधन हेतु टीम भावना के साथ की गई तैयारियों और अचूक जेल प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण है।


मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जेल अधिकारियों को संबोधित करते हुए रक्षाबंधन की ही भांति आने वाले जन्माष्टमी के त्यौहार को भी जेलों में पूर्ण श्रद्धा उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाए जाने के निर्देश दिए तथा इसके लिए अभी से प्रबंध किए जाने का निर्देश दिया।

स्मरणीय है कि भगवान कृष्ण जी का जन्म जेल में होने की मान्यता के कारण जेलों में जन्माष्टमी का पर्व सबसे अधिक भक्ति भाव/श्रद्धा भाव और उल्लास के साथ मनाया जाता है। जेलों में बंदीगण भगवान कृष्ण की लीला से संबंधित सुंदर झांकियां सजा कर कृष्ण जन्मोत्सव मनाते हैं।

मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जेलों में निरुद्ध ऐसे सजायाफ्ता बन्दियो जिनके परिजन मिलने नहीं आते और वे आरोपित जुर्माने की धनराशि सामर्थ्य से अधिक होने की वजह से जमा करके मुक्त होने की स्थित में नहीं है। ऐसे बन्दियों पर आरोपित जुर्माने की धनराशि कम कराने हेतु न्यायालयों से अनुरोध करने हेतु जेल अधीक्षकों को निर्देशित किया।

बैठक के अंत मे मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जेल अधिकारियों की समस्याएं भी सुनी। अनेक जेल अधिकारियों ने मंत्री से अनुरोध किया कि जेलों में एम्बुलेंस की कमी है, जिससे बन्दियों के इलाज में समस्या आती है। मंत्री ने अति शीघ्र इस समस्या के निवारण का आश्वासन दिया।

अंत में डॉ प्रीतिंदर सिंह पुलिस महानिरीक्षक कारागार ने मंत्री के कुशल मार्गदर्शन हेतु कारागार विभाग के सभी अधिकारियों की ओर से आभार ज्ञापित किया।

epmty
epmty
Top