राम के बिना भारत का काम चल ही नहीं सकता- योगी

राम के बिना भारत का काम चल ही नहीं सकता- योगी

गुवाहटी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने असम की चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के बिना भारत का काम चल ही नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम हमारी संस्कृति का परिचायक हैं। वे हमारे पुरोधा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की नीति की है। भाजपा सबका विकास कर रही है। भाजपा में धर्म, जाति, मजहब का कोई भेदभाव नहीं है।

भाजपा के फायरब्रांड नेता व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज असम में पहुंचे और सबसे पहले गुवाहटी स्थित मां कामाख्या सिद्ध पीठ के दर्शन किये। उन्होंने कहा कि मां कामाख्या के दर्शन करने के लिए पूरे देश से लोग आते हैं। मां का यह सिद्धपीठ भारतीयों की अगाध आस्था का प्रतीक है। मां कामाख्या का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद उन्होंने असम में चुनावी रैलियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि जब वे कामाख्या मंदिर पहुंचे, तो उन्हें एक ही शब्द सुनाई दिया- वो था जय श्रीराम।

उन्होंने कहा कि राम हमारा सम्बोधन है। शिष्टाचार है। सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है। राम के बिना भारत का काम चल ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि असम का नौजवान भी बोलता था कि रामलला हम आयेंगे, मंदिर वहीं बनायेंगे। इस सपने का साकार करने का काम पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि असम अपनी सभ्यता, संस्कृति के लिए मशहूर है। असम के लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए भी अपना योगदान दिया है। योगी आदित्यनाथ ने योगदान करने वाले असमवासियों का आभार किया।


उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में विकास का पहिया तेजी से घूमता है। उन्होंने कहा कि राज ऐसा होना चाहिए, जिसमें माता-बहनों की अस्मिता की रक्षा हो सके। सबको रोजगार मिल सके। अपराध पर सख्ताई से अंकुश लग जाये। एक भारत श्रेष्ठ भारत की इस कल्पना को भाजपा सरकार साकार कर रही है। उन्होंने असम वासियों से कहा कि वे भाजपा प्रत्याशियों का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति हमेशा से तुष्टिकरण की रही है। कांग्रेस ने धारा 370 के रूप में आतंकवाद को समर्थन दिया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसके विरूद्ध अपनी आवाज मुखर की और मात्र भाजपा सरकार ने धारा 370 को समाप्त करके आतंकवाद को कुचलने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह सबके सामने है। रसोई गैस उज्जवल योजना के तहत दी जा रही है। उजाला योजना के तहत एलईडी बल्ब दिये जा रहे हैं। हर घर को शुद्ध पेयजल मिल रहा है। आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का बीमा दिया जा रहा है। इन योजनाओं में न तो कोई जाति है, न कोई मजहब और न ही किसी प्रकार का भेदभाव। यह योजनाएं समान रूप से प्रत्येक पात्र तक पहुंचाई जा रही है। मोदी सरकार ने वोकल फाॅर लोकल की जो नीति अपनाई है, उसी के तहत कार्य हो रहा है।







epmty
epmty
Top