जींस बदलकर जाने से किया मना तो कर दी किशोरी की हत्या

जींस बदलकर जाने से किया मना तो कर दी किशोरी की हत्या

लखनऊ। मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए जींस पहनकर जा रही किशोरी को जब चाचा और दादा ने कपड़े बदलकर जाने को कहा तो उसने इंकार कर दिया। इस पर दादा और चाचा ने लड़की की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान मारी गई लाठी से लड़की की मौत हो गई। इलाज के बहाने टेंपो में रखकर ले गये शव को दादा व चाचा ने नदी में फेंक दिया। लेकिन वह पुल की रेलिंग से लटका रह गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवरिया जनपद के थाना मडुवाडीह क्षेत्र के सरवेजी खरग गांव में एक किशोरी मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए जा रही थी। उस समय किशोरी ने जींस पहन रखी थी। रास्ते में मिले दादा और चाचा ने लड़की को कपड़े बदलकर जाने को कहा। जिस पर किशोरी ने कपड़े बदलकर जाने से इंकार कर दिया। जिससे उनके बीच विवाद होने लगा आरोप है कि इसके बाद दादा और चाचा ने मिलकर लड़की को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान एक लाठी लड़की को लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। मौत हो जाने के बाद घर वाले लड़की के शव को टेंपो में रखकर वहां से इलाज के बहाने ले गए। इस दौरान लड़की की मां शकुंतला देवी को सास, ससुर और देवर ने जानकारी दी कि लड़की बेहोश हो गई है। इसलिए अस्पताल ले जा रहे हैं। इसी बीच आशंका में घिरी शकुंतला देवी ने अपने रिश्तेदारों को इस मामले की जानकारी दे दी। लड़की की तलाश में वह देवरिया सदर अस्पताल गए। लेकिन वहां पर लड़की का कुछ भी अता पता नहीं लगा। सवेरे के समय लड़की की लाश गंडक नदी पर बने पटनवां पुल पर लटकी हुई मिली तो उनके होश उड़ गए। तत्काल ही मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही थाना प्रभारी राम मोहन सिंह पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने इस सिलसिले में लड़की के दादा परमहंस पासवान, दादी भगिनी देवी और चाचा अरविंद तथा टेंपो चालक हसनैन को गिरफ्तार कर लिया है।

epmty
epmty
Top