इधर दुल्हन लाने को बाराती तैयार, उधर दूल्हे मियां हो गए फरार

इधर दुल्हन लाने को बाराती तैयार, उधर दूल्हे मियां हो गए फरार

संभल। शादी के दिन लाल जोड़े में सजी-धजी बैठी दुल्हन अपने दूल्हे के आने का इंतजार करती रही। उधर दूल्हे के घर भी बारात तो दुल्हन लाने के लिए तैयार होकर खड़ी हो गई। लेकिन दूल्हे मियां फरार हो गए। ढूंढने से भी जब दूल्हे मियां हाथ नहीं लगे तो परिवार वालों के पांव तले की जमीन खिसक गई। उधर घंटों बारात के आने का इंतजार कर रहे जब लड़की पक्ष के लोग दूल्हे के घर पहुंचे तो पता चला कि दूल्हा ही फरार हो गया है।

दरअसल हयातनगर थाना क्षेत्र के सराय तरीन के मोहल्ला कोटला निवासी लड़की की शादी संभल सदर कोतवाली इलाके के सैफ खान सराय निवासी युवक के साथ होना तय हुई थी। दोनों की शादी तकरीबन 1 महीने पहले निर्धारित हुई थी। शादी के दिन लाल जोड़े में सजी दुल्हन अपने दूल्हे के आने का इंतजार करती रही, लेकिन तमाम इंतजार के बाद भी दूल्हा दुल्हन लेने के लिए नहीं पहुंचा। दुल्हन के घरवाले बारात का स्वागत करने के लिए पलक पावडे बिछाकर दरवाजे पर खड़े थे। घंटों के इंतजार के बाद भी जब बारात और दूल्हा नहीं आया तो लड़की के परिजन खुद ही लड़के वालों के घर पहुंच गए। वहां जाकर पता चला कि लड़का घर से फरार हो गया है।

यह सुनकर लड़की पक्ष के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने लड़के वालों के साथ मिलकर लड़के की खोजबीन शुरू की। लेकिन लड़के का कहीं भी पता नहीं चल सका। जिसके बाद लड़की पक्ष के लोग अपने घर वापस आ गए। उनका कहना है कि हमारे घर तो सारी तैयारियां हो गई। अब हम इन सब चीजों का क्या करेंगे। हमारा तो भारी नुकसान हो गया है। लड़की पक्ष ने दूल्हे की भाभी और उसके रिश्तेदारों पर मिलीभगत करते हुए दूल्हे को गायब करने का आरोप भी लगाया है। हयात नगर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया है कि यह मामला उनकी जानकारी में आया है। अभी किसी पक्ष की ओर से शिकायत पत्र नहीं मिला है, अगर कोई शिकायत की जाएगी तो मामले की जांच कराते हुए आवश्यक रूप से कार्रवाई करेंगे।

epmty
epmty
Top