तहसील में घुसी संगीत सोम सेना-कांग्रेसी नेता के मुंह पर पोती कालिख

तहसील में घुसी संगीत सोम सेना-कांग्रेसी नेता के मुंह पर पोती कालिख

मेरठ। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए तहसील में घुसे संगीत सोम सेना कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसी नेता के चेहरे पर कालिख पोत दी। जिससे तहसील परिसर में बुरी तरह से हड़कंप मच गया। कांग्रेसी नेता के चेहरे पर कालिख पोतने वाले लोगों ने इस वारदात को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध बताया है।


दरअसल सरधना थाना क्षेत्र के सरूरपुर निवासी एडवोकेट जितेंद्र पांचाल ने अपने फेसबुक एकाउंट से एक पोस्ट डाली थी। इसमें लिखा था कि एक वरिष्ठ दंगाई का अंत हो गया-हां मरने के बाद वो भी संत हो गया। हालांकि इस पोस्ट में किसी के नाम का जिक्र नहीं किया गया था। बुधवार को कांग्रेस नेता जितेंद्र पांचाल जब तहसील मुख्यालय स्थित अपने चेम्बर में बैठे हुए थे। उसी दौरान सरधना निवासी संगीत सोम सेना के सचिन खटीक के अलावा कुछ अन्य भाजपा नेताओं ने उनके चेम्बर में घुसकर कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। जितेंद्र पांचाल के शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। कुछ देर बाद सचिन खटीक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली कि स्व. पूर्व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने वाले का मुंह काला किया। साथ ही चेतावनी दी कि महापुरुषों का दोबारा अपमान करने पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।

इस मामले में जब भाजपा विधायक संगीत सोम से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। यदि किसी ने पूर्व मुख्यमंत्री पर गलत टिप्पणी की है तो वह निंदनीय है। सीओ सरधना आरपी शाही ने इस प्रकरण पर कहा कि अभी तक किसी की तरफ से कोई तहरीर थाने में नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

epmty
epmty
Top