गिरी गाज- PWD जेई को ले बैठा DM आवास के बोर्ड का रंग

गिरी गाज- PWD जेई को ले बैठा DM आवास के बोर्ड का रंग

अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या के डीएम के अस्थाई आवास का पल-पल बदल रहा बोर्ड का रंग लोक निर्माण विभाग के जेई को ले बैठा है। बार-बार बोर्ड का रंग बदलने के मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी के जेई को सस्पेंड कर दिया गया है। जेईई को निलंबित कर दिए जाने से विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई है।

दरअसल उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव के 6 चरण पूरे हो चुके हैं जबकि सातवें चरण के अंतर्गत 54 सीटों पर 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे। ऐसे हालातों में लोक निर्माण विभाग की ओर से अयोध्या के निरीक्षण भवन में की जा रही मरम्मत के काम के चलते जिलाधिकारी नीतीश कुमार के अस्थाई आवास के बोर्ड का रंग भगवा से हरा कर दिया गया था। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी हो हल्ला मच गया था। जिलाधिकारी ने मामला संज्ञान में आने के बाद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बोर्ड का रंग पहले की तरह किए जाने के निर्देश दिए थे। लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से लापरवाही बरतते हुए डीएम आवास के बोर्ड का रंग हरे से भगवा करने के बजाए उसे लाल रंग का कर दिया गया था। जिसके चलते डीएम आवास के बोर्ड का रंग समाजवादी पार्टी की लाल रंग की टोपी से मैच कर रहा था। इसे लेकर सोशल मीडिया पर जब दोबारा से हलचल मचने लगी तो जिलाधिकारी ने मामले को तूल पकड़ता हुआ देख पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की जमकर क्लास ली। जिसके चलते डीएम आवास के बोर्ड का रंग लाल से एक बार फिर से भगवा कर दिया गया। बार-बार बोर्ड का रंग बदले जाने से जब विवाद की स्थिति आई तो मामले का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के जेई अजय कुमार शुक्ला को सस्पेंड कर दिया गया है। अयोध्या के डीएम के आवास के बोर्ड का रंग 2 दिन में तीन बार बदले जाने को लेकर फिलहाल इस मामले की चपेट में लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर अजय कुमार शुक्ला आए हैं। जिसके चलते जेई को सस्पेंड कर दिया गया है।

epmty
epmty
Top