सरकार के साढे 4 साल-खूब हुआ झूठ का विकास- छिने अधिकार- ओमप्रकाश

सरकार के साढे 4 साल-खूब हुआ झूठ का विकास- छिने अधिकार- ओमप्रकाश

वाराणसी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर से हमला बोलते हुए कहा है कि योगी सरकार के साढे चार साल के कार्यकाल में झूठ का खूब विकास हुआ है। पिछड़ों दलितों एवं वंचितों के अधिकार छीनने के साथ आरक्षण लूटने का काम तेजी के साथ हुआ है। भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी का विकास होने के साथ महिला अपराध का विकास भी तेजी से हुआ है। भाजपा के तकरीबन डेढ़ सौ विधायक उनके संपर्क में हैं। केवल उचित समय और अवसर का इंतजार किया जा रहा है।

रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर से हमला बोलते हुए दावा किया है कि भाजपा के डेढ़ सौ से भी अधिक विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्हे दल में शामिल करने के लिये केवल उचित समय और अवसर का इंतजार किया जा रहा है। पिछले दिनों सरकार के खिलाफ 200 विधायक धरने पर बैठे थे, उसमें ओमप्रकाश राजभर ने ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अगले दिनों में भाजपा का ऐसा ही हस्र होगा कि इनको विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी ढूंढे से भी नहीं मिलेंगे। सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने योगी आदित्यनाथ सरकार के साढे चार साल के रिपोर्ट कार्ड पर भी अपना निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार का रिपोर्ट कार्ड झूठ, भ्रष्टाचार, ठगी का कार्ड है। प्रयागराज कुंभ से लेकर राम मंदिर तक भाजपा के लोगों ने भ्रष्टाचार और घोटाला किया है। इनके रिपोर्ट कार्ड की हकीकत यही है कि इनके राज में पहली बार श्मशान घाट से गांव में लाशें गई हैं। अब तक गांव से लाश शमशान घाट जाती थी। भाजपा के नेता जब एसी से बाहर निकलकर जनता के बीच जाएंगे तो उन्हें अपनी हकीकत का पता लगेगा। जनता के बीच मौजूद किसान, नौजवान, मजदूर और व्यापारी सभी अपने हाथों में तेल लगी हुई लाठी लेकर भाजपा के नेताओं के आने का इंतजार कर रहे हैं।

epmty
epmty
Top