प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में फायरिंग-गोली से 7 लोग घायल

प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में फायरिंग-गोली से 7 लोग घायल

बिजनौर। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की स्योहारा शाखा में अचानक से फायरिंग होने लगी। बैंक का गार्ड जिस समय बंदूक चेक कर रहा था उसी दौरान अचानक से गोली चल गई। गनीमत इस बात की रही कि बंदूक से निकली गोली किसी को सीधे जाकर लगने की बजाय जमीन पर लगी, लेकिन उससे निकले छर्रे की चपेट में आकर एक बुजुर्ग महिला समेत 7 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायल हुए लोगों को सीएससी में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल शुरू कर रखी है।

शनिवार की सबेरे तकरीबन 10.00 बजे जनपद के स्योहारा थाना क्षेत्र के प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक का जब ताला खुला तो अनेक ग्राहक अंदर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बैंक की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया तकरीबन 66 वर्षीय गार्डन देव सिंह उस समय अपनी बंदूक को लोड कर रहा था। इसी दौरान अचानक बंदूक के ट्रिगर पर उसका हाथ लग गया और बंदूक से गोली चल गई। बंदूक के भीतर से निकली गोली सीधे बैंक के फर्श में जाकर लगी और उससे निकले छर्रे आसपास के कई लोगों को जाकर लग गए। इस दोरान सात लोग पैर में छर्रे लगने से घायल हो गए हैं। गनीमत इस बात की रही है कि बंदूक से निकली गोली सीधे किसी को जाकर नहीं लगी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बैंक में फायरिंग होने की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पर घायल पड़े लोगों को सीएससी में उपचार के लिए भर्ती कराया। घायलों की पहचान ग्राम दौलताबाद निवासी सुंदर सिंह, ग्राम डूंगरपुर निवासी हरफूल, ग्राम आसरा खेड़ा निवासी नवीन चौधरी, ग्राम जट नंगला निवासी वासु, ग्राम मुंडाखेड़ी निवासी श्याम सिंह और ग्राम गावड़ी निवासी 70 वर्षीय चंद्रो देवी व उनके बेटे करणवीर के रूप में हुई है। एसपी पूर्वी राम अर्ज़ का कहना है कि स्योहारा में बैंक गार्ड से बंदूक चेक करते समय फायर हो गया। उस समय बैंक में मौजूद कई लोगों के छर्रे लगे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

epmty
epmty
Top