घरेलू कलह में खत्म परिवार, बच्चों का गला घोंटकर खुद फांसी पर झूली

घरेलू कलह में खत्म परिवार, बच्चों का गला घोंटकर खुद फांसी पर झूली

कन्नौज। छोटी-छोटी बातों को लेकर घरों के भीतर होने वाली कलह के चलते परिवार बर्बाद हो रहे हैं। दो बच्चों को गला घोटकर मौत की नींद सुलाने के बाद महिला भी घरेलू कलह के चलते फांसी के फंदे पर झूल गई। घटना के समय घर का मुखिया अपनी बीमार बहन को इलाज के लिए कानपुर लेकर गया हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फांसी के फंदे पर झूल रहे शव को नीचे उतारा और तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बृहस्पतिवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद कुमार ने बताया है कि जनपद के ठठिया थाना क्षेत्र के खलगपुरवा निवासी विनय कुमार यादव उर्फ गोविंद की 25 वर्षीय पत्नी विनीता आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली है। वहीं बिस्तर पर उसके दो बच्चों के शव मिले हैं। उन्होंने बताया कि विनय बुधवार को डेंगू से पीड़ित अपनी बहन सरिता को इलाज के लिए कानपुर ले गया था। घर पर उसकी पत्नी विनीता, दोनों बच्चे तथा परिवार के अन्य लोग थे। रात में विनीता अपने दोनों बच्चों को लेकर कमरे में चली गई। परिवार के लोग भी सो गये। गुरुवार की सुबह विनीता नहीं उठी। ननद कल्पना और प्रियंका ने खिड़की से देखा तो बिस्तर पर बच्चों के शव दिखे और विनीता फांसी के फंदे पर लटकी दिखाई दी।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गये और खिड़की तोड़कर अंदर घुसे एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला और शवों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे का कहना है कि ऐसा लगता है कि विनीता घरेलू कलह से दुखी थी और इससे तंग आकर उसने पहले अपने बच्चों की गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद फांसी लगा ली। बहरहाल, घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।

epmty
epmty
Top