बढा इंतजार- आज भी जारी नहीं होगा भाजपा का लोक संकल्प पत्र

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव की बाबत जारी किए जाने वाला बहुप्रतीक्षित लोक संकल्प पत्र आज भी जारी नहीं होगा। स्वर सम्राज्ञी एवं भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के कारण पार्टी की ओर से लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जारी किया जाने वाला लोक कल्याण संकल्प पत्र कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। भारत रत्न, स्वर सम्राज्ञी, स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन के कारण लोक कल्याण संकल्प पत्र कार्यक्रम स्थगित किए जाने की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह द्वारा पार्टी के राज्य मुख्यालय पर दी गई है। उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र लोक कल्याण संकल्प पत्र के रूप में आज रविवार को जारी किया जाना था। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया है कि लता मंगेशकर जी के निधन के कारण आज घोषणा पत्र जारी करने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करने के लिए दोबारा कार्यक्रम का निर्धारण कर उसकी तिथि घोषित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने स्पष्ट किया है कि पार्टी के अन्य राजनीतिक कार्यक्रम पहले से निर्धारित समय के मुताबिक यथावत जारी रहेंगे। इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी थे। सभी भाजपा नेताओं ने 2 मिनट का मौन रखकर स्वर कोकिला लता मंगेशकर को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।


