DM ने दिया 30 दिसंबर तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश

हाथरस। वातावरण में छाये घने कोहरे एवं रात में पड रहे पाले ने ठिठुरन को इस कदर बढ़ा दिया है कि तापमान में हुई गिरावट के चलते जिलाधिकारी को 30 दिसंबर तक आठवीं तक के स्कूलों को बंद करने का निर्देश देना पड़ा है।
दिसंबर महीने के आखिरी हफ्ते को कड़कड़ाती ठंड के लिए जाना जाता है। क्रिसमस के मौके पर आज वातावरण में छाए घने कोहरे एवं रात में पड़े जबरदस्त पाले ने लोगों को ठंड से बुरी तरह ठिठुरा दिया है। गलन भरी सर्दी ने लोगों का आज जीना मुहाल कर रखा है।
वातावरण में पड़ रही हाडकपाती ठंड और गलन भरी सर्दी को देखते हुए हाथरस की जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने आज 25 दिसंबर से लेकर आगामी 30 दिसंबर तक के लिए जनपद के आठवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में आगामी 31 दिसंबर से जाड़े की छुट्टी हो रही है।
उधर मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए मौसम अपडेट में सोमवार से 2 दिनों तक घना कोहरा रहने का अनुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दिनों में तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज होगी।
हालांकि रविवार को मौसम विभाग के अनुमान के विपरीत सवेरे के समय वातावरण में नाम मात्र का ही कोहरा रहा था। जिसके चलते अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री एवं न्यूनतम 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
सोमवार से तापमान में गिरावट के बाद ठंड बढ़ने का अनुमान जारी किया गया है।