बोले CM योगी- स्मार्ट सिटी के साथ सभी को बनना होगा स्मार्ट

बोले CM योगी- स्मार्ट सिटी के साथ सभी को बनना होगा स्मार्ट

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत प्रदेश के 10 शहर चयनित हैं और इसके साथ ही गोरखपुर समेत सात महानगरों को राज्य स्मार्ट सिटी में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को गोरखपुर नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में 279 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 282 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए स्मार्ट सिटी के साथ लाेगों से स्मार्ट बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य स्मार्ट सिटी में शामिल होने के बाद गोरखपुर में तेजी से हो रहे बदलाव, विकास को भी सभी लोग महसूस कर रहे हैं।

योगी ने कहा, "स्मार्ट सिटी की सार्थकता तभी होगी, जब हम भी स्वच्छता को बढ़ाकर विकास कार्यों को संजोकर स्मार्ट बनें।" उन्होंने नगर निगम की 215.97 करोड़ रुपये की लागत वाली 228 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसी समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के 62.84 करोड़ रुपये के 54 विकास कार्यों का भी शिलान्यास हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को दीपावली की मंगलकामना करते हुए कहा कि नए परिसीमन से महानगर में 80 वार्ड बनेंगे। उन्होंने कहा कि लोकार्पण व शिलान्यास वाली परियोजनाओं से हर वार्ड को कुछ न कुछ विकास की सौगात मिलेगी।

योगी ने नगर निगम, जीडीए व जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन तीनों के द्वारा मिलकर बनाई गई व्यवस्था से अतिवृष्टि में महानगर क्षेत्र में बहुत दिक्कत नहीं आई। लगातार 12 घंटे बारिश होने के बाद भी जल निकासी की व्यवस्था अच्छी रही। आज जिन परियोजनाओं को शुरू किया जा रहा है वे आने वाले दिनों में जल निकासी के लिए और महत्वपूर्ण साबित होने जा रही हैं।

epmty
epmty
Top