भाकियू की अपील- इस संडे शहर में ना आए आम आदमी

भाकियू की अपील- इस संडे शहर में ना आए आम आदमी

मुजफ्फरनगर। तीन कृषि कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन को ताजगी देने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्नान पर मुजफ्फरनगर में चल रही किसान महापंचायत की तैयारियों को मौसम के मिजाज ने बिगाड़ने का काम किया। बारिश के कारण महा पंचायत की तैयारियों को ब्रेक लगा है, लेकिन भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता इस ठहराव के बाद दोगुनी तेजी से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गये हैं।

बृहस्पतिवार को भाकियू नेताओं ने जहां राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही महा पंचायत के आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण किया, तो वहीं एसएसपी अभिषेक यादव भी पुलिस अफसरों के साथ मैदान पर पहुंचे और व्यवस्थाओं को परखने के लिए भाकियू नेताओं के साथ चर्चा की। इस दौरान भाकियू ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह एक दिन किसानों के आंदोलन को दें और संडे के दिन शहर में सड़कों पर न आयें।

उल्लेखनीय है कि नये कृषि कानूनों के विराध में राजधानी के बॉर्डरों पर चल रहे आंदोलन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत बुलाई है। इसकी तैयारियों की मुख्य जिम्मेदारी गृह जनपद होने के कारण भारतीय किसान यूनियन को दी गयी है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद मैदान की स्थिति का जायजा लेेने के लिए भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र मलिक ने यूनियन और संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ जीआईसी मैदान का निरीक्षण किया और वहां पर बारिश के कारण पंडाल में बिगड़ी स्थिति को संवारने का काम शुरू करा दिया गया है। मैदान पर बारिश के पानी के कारण हुए जलभराव के बाद कीचड का आलम है। इसको देखते हुए मिट्टी भराव का काम किया जा रहा है। आज महापंचायत में तैयारियों और व्यवस्था को परखने के लिए एसएसपी अभिषेक यादव व एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने भी दौरा किया। एसएसपी के साथ एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, सीओ सिटी कुलदीप कुमार, एसएचओ सिविल लाइन उम्मेद कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक के साथ पार्किंग और अन्य बंदोबस्तों को लेकर चर्चा की।

इस दौरान एसपी सिटी ने बताया कि महापंचायत के लिए आने वाले किसानों के वाहनों को सरकूलर रोड से नहीं आने दिया जायेगा। इसके लिए शहर में अलग अलग स्थानों पर छह पार्किंग स्थल बनाये गये हैं। इनमें मेरठ रोड पर आईटीआई मैदान, नई मण्डी में नवीन मण्डी स्थल गुड मण्डी, डीएवी कॉलेज मैदान, इस्लामिया इण्टर कॉलेज का मैदान, रेलवे रोड स्थित माल गोदाम और नुमाइश मैदान शामिल हैं। इनके अलावा कहीं भी किसानों के वाहनों को एंट्री नहीं दी जायेगी। इसके साथ ही अन्य सुरक्षा बंदोबस्तों को लेकर भी अफसरों और यूनियन नेताओं की वार्ता हुई।

इस अवसर पर धर्मेन्द्र मलिक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बारिश के कारण मैदान पर पंडाल और अन्य तैयारियों पर प्रभाव पड़ा है, लेकिन मैदान को तेजी से तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही आज नगरीय निकायों से मोबाइल टॉयलेट भी मैदान पर भेजी गई हैं, जिनको विभिन्न प्वाइंटों पर लगवाया गया है। इनके लिए पानी का भी प्रबंध कराया जा रहा है। मैदान का निरीक्षण करते हुए कीचड वाले स्थानों पर मिट्टी डलवाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मैदान पर 5 सितम्बर को किसान एक नया इतिहास लिखने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देशभर से संयुक्त किसान मोर्चा की इस पंचायत में करीब 5 लाख किसान जुटेंगे। आज पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से व्यवस्थाओं को लेकर पुनः चर्चा हुई। 6 पार्किंग स्थल बनाये जा रहे हैं। धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि पंचायत छुट्टी के दिन रविवार को होने जा रही है। ऐसे में हम आम लोगों से अपील करते हैं कि वह गंभीर आवश्यकता में ही अपने घरों से बाहर निकलें। संडे के दिन अनावश्यक रूप से शहर में ना आयें।

इससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या भी आम लोगों से जुड़ी हुई है। इसलिए एक दिन सभी लोग किसानों को समर्थन दें। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी ओमदेव खत्री, भाकियू नगराध्यक्ष शाहिद आलम, नवीन राठी, पूर्व बार संघ अध्यक्ष राजेश्वर दत्त त्यागी एडवोकेट आदि मौजूद रहे।



epmty
epmty
Top