बोले भागवत- मनुष्य को जीवन में किसी भी परिस्थिति से नहीं करना चाहिए पलायन

बोले भागवत- मनुष्य को जीवन में किसी भी परिस्थिति से नहीं करना चाहिए पलायन
  • whatsapp
  • Telegram

सहारनपुर। डा. मोहन भागवत ने अपने 35 मिनट के दिए सारगर्भित और ओजस्वी भाषण में धर्म का महत्व और उसकी ताकत बताई। उन्होंने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के गीता के भाष्य और उनके प्रेरणादायी जीवन का भी उल्लेख किया। जिनका कहना था कि कोई भी काम छोटा-बड़ा नहीं होता है। उसे ठीक से करो और उत्कृष्ट करो, अहंकार मत करो और अपनी सफलता का श्रेय भगवान को दो।

भागवत ने कहा कि मनुष्यों को जीवन में किसी भी परिस्थिति से पलायन नहीं करना चाहिए। डटकर उसका सामना करना चाहिए। संघर्ष करते हुए व्यक्ति अगर मर भी जाता है तो अमर हो जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे सुख-दुख में निर्विकार भाव से रहें, समान दृष्टि हो। उन्होंने कहा कि मन की चंचलता की ना हो, धैर्यवान रहें।

भारतीय समाज में कभी छुआछूत और असमानता एवं ऊंच-नीच के भेदभाव को अस्वीकार करते हुए उन्होने कहा “ हमें सबको समान दृष्टि से देखना चाहिए। सबको अपना मानकर चलना चाहिए। मनुष्य को मनुष्य में भेद नहीं करना चाहिए। इतिहास से पहले भी भारत था, आज भी भारत है और कल भी भारत रहेगा। सृष्टि को धर्म की आवश्यकता है। धर्म को अपने आचरण में उतारने का काम हमें नियति ने दिया है। यही संदेश हमें पूरे विश्व को देना है। हम अपने धर्म का पालन करते हैं तो धर्म हमारी रक्षा करता है। यह भारत की विशेषता है।”

उन्होंने कहा “ आज का भारत शक्तिशाली है। हम दुनिया को बताना चाहते हैं कि हम किसी के भी दुश्मन नहीं हैं। हम सबकी मदद करते हैं। दुष्टों की दुष्टता हमारा कुछ भी नहीं बिगाड़ सकती है।” कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि इस स्थान पर श्रीकृष्ण मंदिर की स्थापना का संकल्प पिछले वर्ष सात नवंबर को लिया गया था। मंदिर के लिए भूमि प्रदान करने में विधायक मुकेश चौधरी के योगदान की सराहना की गई।

इस मौके पर मेयर डा. अजय सिंह, सांसद प्रदीप चौधरी, जिला पंचायत चौधरी मांगेराम, मां शाकम्बरी राजकीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, स्वामी दिपांकर जी महाराज, शाकम्बरी देवी क्षेत्र के स्वामी शहजानंद जी महाराज, पद्मश्री चौधरी सेठपाल, नकुड़ के चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक प्रवीण कुमार, क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र कुमार, ब्लाक प्रमुख चौधरी विश्वास सिंह, ब्लाक प्रमुख योगेश पुंडीर, जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र, एसएसपी डा. विपिन टाडा, एसपी देहात सागर जैन, एडीएम डा. अर्चना द्विवेदी, विधायक राजीव गुंबर समेत जिले की सैकड़ों गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं।

वार्ता

  • whatsapp
  • Telegram
Next Story
epmty
epmty
Top