जन चौपाल में उप मुख्यमंत्री द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई

जन चौपाल में उप मुख्यमंत्री द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को ग्राम दहलिया विकास खण्ड राजेपुर,जनपद फर्रूखाबाद में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश के विकास में आप सभी का पूरा सहयोग मिल रहा है। उसके लिए मैं आप सभी का धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। हमारी सरकार गरीब कल्याण एवं गरीबों को आगे बढ़ाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। मैं आप सभी को जन चौपाल में खुशखबरी देता हूँ। कि मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा दिसम्बर माह तक निःशुल्क राशन वितरण करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश के गरीबों को लूट कर तिजोरी भरने का कार्य किया है, उस पैसे को जमीन से भी खुदवाकर गरीब हित में लगाने का कार्य किया जाएगा। नारी शक्ति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में 10 लाख नये समूह बनाये जा रहे है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि जब प्रत्येक घर में नारी अपने पैरों पर खड़ी होगी, तभी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और खुशियां देने का कार्य कर सकेगी। सरकार की मंशा है कि अवैध कब्जे के नाम पर किसी गरीब को परेशान न किया जाय, भूमाफियाओं पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गावं में गन्दगी है, तो सफाई कर्मचारी का इन्तजार न करें बल्कि स्वच्छता के प्रति सजग/जागरूक हो और गावं में गन्दगी ही ना होने दे ताकि गावं में बीमारियां ना हो । सरकार लगातार भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने हेतु कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजने का कार्य किया है। गरीब व्यक्ति जो कि पैसा ना होने के कारण गम्भीर बीमारी होने पर अपना इलाज नहीं करा पा रहा था जिससे उनकी मृत्यु हो जाती थी। देश के मा0 प्रधानमंत्री जी ने इस समस्या को देखते हुए आयुष्मान भारत योजना को संचालित की जिसमें एक गोल्डन कार्ड धारक 05 लाख तक का निःशुल्क इलाज का लाभ दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि सेवा और सुशासन ही हमारी सरकार का संकल्प है। हमारी सरकार ने गरीबों को छत और बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया है। पानी की बर्बादी न होने दें ,पेड़ सूखने ना पाए, पेड़ कटने ना पाए, उसको भी बचाने का कार्य करे। गोवंश को आवारा ना छोड़े। आप सभी के सहयोग से केन्द्र/प्रदेश सरकार सजग प्रहरी के रूप में कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

उप मुख्यमंत्री ने दहलिया में आयोजित चौपाल के दौरान बौद्ध नगरी संकिसा के नाम पर संकिसा विकास खण्ड के निर्माण की घोषणा की गयी। उप मुख्यमंत्री द्वारा जन चौपाल के दौरान रू० 16.71 करोड़ लागत की 07 परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण किया।जन चौपाल में उप मुख्यमंत्री द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं नवजात शिशुओं को अन्न प्राशन कराया गया। उप मुख्यमंत्री द्वारा जन चौपाल में स्वयं सहायता समूह एवं आंगनबाड़ियों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

epmty
epmty
Top